![]()
छतरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर पानी की मोटर ठीक करते समय करंट लगने से किसान की मौत हो गई। हादसा सारनी मार्ग स्थित खेत में हुआ। मृतक की पहचान वार्ड-9 बंधीयन मोहल्ला निवासी 29 वर्षीय संदेश यादव पुत्र भूपत यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे संदेश यादव अपने खेत पर पानी की मोटर ठीक करने गया था। मोटर चल नहीं रही थी। खेत में पानी और कीचड़ होने के कारण उसने जूते और मोबाइल कुछ दूरी पर रख दिए। इसके बाद वह मोटर के पास बिजली के तार को ठीक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। संदेश काफी देर तक करंट की चपेट में रहा। इससे उसके हाथ-पैर अकड़ गए और शरीर के कई हिस्से झुलस गए। घटना के समय खेत पर कोई और मौजूद नहीं था। भाई ने अचेत हालत में देखा कुछ देर बाद संदेश का बड़ा भाई अवधेश यादव खेत पर पहुंचा। उसने संदेश को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। अवधेश ने ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण संदेश को ट्रैक्टर से जिला अस्पताल ले गए। इमरजेंसी में डॉक्टर साजिद खान ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे परिजनों के अनुसार, संदेश यादव के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा 4 साल का बेटा और 1 साल की बेटी है। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।
Source link
छतरपुर में करंट लगने से किसान की मौत:खेत पर पानी की मोटर ठीक करने गया था, परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे
