Headlines

नवयुग कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रतियोगिताएं:खो-खो से लेकर मनोरंजन तक की गतिविधियां हुईं; छात्राओं-शिक्षिकाओं ने लिया हिस्सा




नवयुग कन्या महाविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खो-खो से लेकर मनोरंजक खेलों तक छात्राओं और शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को मजबूत करना रहा । कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. मंजुला उपाध्याय ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया। उन्होंने छात्राओं को राष्ट्रीय खेल दिवस की महत्ता बताते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और स्वस्थ जीवनशैली का विकास करते हैं। उन्होंने छात्राओं को खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बीए तृतीय वर्ष की छात्रा शांभवी गुप्ता ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, उपलब्धियों और खेल के प्रति उनके समर्पण पर प्रभावशाली वक्तव्य दिया। येलो टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया प्रो. सीमा सरकार ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण येलो और पर्पल टीम के बीच खो-खो मैच रहा। शानदार प्रदर्शन करते हुए येलो टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम की कप्तान ईशी कनौजिया रहीं। पर्पल टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जिसकी कप्तान अर्पिता शर्मा थीं। मैच का संचालन एवं निर्णयन खो-खो प्रशिक्षक अनंजय दास ने किया। कार्यक्रम में शिक्षिकाओं के लिए मनोरंजक खेल भी विशेष आकर्षण रहे। इनमें म्यूजिकल फिटनेस, हुला-हूप रेस, कोन बैलेंसिंग और डिस्पोजेबल ग्लास से बिल्डिंग ब्लॉक्स जैसे खेल शामिल थे। छात्राओं के लिए पेंगुइन वॉक, खेल हस्तियों की पहचान, पार्टनर गेम्स, सैक रेस सहित कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। शिक्षिकाओं और छात्राओं ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अनुशासित और आनंदपूर्ण जीवन जीने का संदेश कार्यक्रम का आयोजन खेलकूद समिति की संयोजिका प्रो. सीमा पांडेय के निर्देशन में किया गया। समापन पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन खेल को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और आनंदपूर्ण जीवन जीने की संस्कृति के रूप में स्थापित करने का प्रेरक संदेश है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *