![]()
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति और प्रबंधन पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में पंजाब भाजपा के चुनावी प्रभारी सीआर पाटिल ने नई दिल्ली में राज्य से पार्टी के राज्यसभा सांसद डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी से मुलाकात की। यह बैठक इसलिए भी बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में सीआर पाटिल ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के साथ बैठक की थी। उस मुलाकात के दौरान राज्य में चुनाव-पूर्व गठबंधन की संभावनाओं और यदि समझौता बनता है तो सीट-शेयरिंग फॉर्मूले पर प्राथमिक चर्चा हुई थी। पंजाब के वर्तमान राजनीतिक माहौल पर हुई चर्चा सूत्रों के मुताबिक, सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने सीआर पाटिल के साथ पंजाब की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक ढांचे और चुनावी संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। सीआर पाटिल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब में चुनाव प्रबंधन और रणनीति की कमान संभालने का अनौपचारिक जिम्मा सौंपा है। हालांकि पाटिल की इस नियुक्ति की अभी आधिकारिक अधिसूचना जारी होना बाकी है, लेकिन उन्होंने पंजाब की चुनावी बागडोर संभालते हुए प्रमुख नेताओं और सहयोगियों से बैठकें शुरू कर दी हैं। विक्रमजीत सिंह साहनी पहले आम आदमी पार्टी के नेता थे। वे इसी साल अप्रैल में ‘आप’ के उन 7 राज्यसभा सांसदों के गुट में शामिल थे जिन्होंने भाजपा का दामन थामा था। हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के पंजाब दौरे के दौरान उनका स्वागत करने वाले साहनी इकलौते आप पूर्व-सांसद थे। 31 अगस्त से पंजाब दौरे पर रहेंगे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीआर पाटिल के पंजाब दौरे की तारीखों का ऐलान होना अभी बाकी है। वहीं दूसरी ओर, भाजपा के पंजाब मामलों के प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव सतीश पूनिया 31 अगस्त से पंजाब के दौरे पर रहेंगे। वे राज्य स्तरीय नेताओं के साथ बैठक कर आगे का पूरा चुनावी प्लान तैयार करेंगे। कौन हैं सीआर पाटिल और पंजाब में क्यों हैं अहम?
गुजरात के नवसारी से लगातार चार बार रिकॉर्ड अंतर से लोकसभा चुनाव जीतने वाले सीआर पाटिल को संगठन और माइक्रो-मैनेजमेंट का मास्टर माना जाता है। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के भी चुनाव प्रबंधन और विकास कार्यों की कमान संभालते रहे हैं। पंजाब में भाजपा के अकेले या अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के दोनों ही विकल्पों पर सीआर पाटिल की रणनीति बेहद निर्णायक साबित होने वाली है।
Source link
दिल्ली में CR पाटिल से मिले BJP सांसद विक्रमजीत साहनी:अकाली दल के साथ गठबंधन और पंजाब के सियासी समीकरणों पर मंथन
