Headlines

छह दिन बाद बरसे मेघ, सतना में उमस से राहत:मानसून ट्रफ सक्रिय, अगले 24 घंटे हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान




सतना में सावन के दौरान छह दिन के लंबे इंतजार के बाद बुधवार को बारिश हुई। जिले के विभिन्न हिस्सों में रिमझिम से लेकर हल्की और मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। इस बारिश से किसानों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई दी। बीते 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर सुबह 97 प्रतिशत और शाम को 87 प्रतिशत दर्ज किया गया। 30 जुलाई से सावन शुरू होने के बाद से जिले में अब तक लगभग डेढ़ इंच बारिश हुई है। भू-अभिलेख विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 5 अगस्त तक जिले में औसतन 16.2 इंच वर्षा दर्ज की गई है। रघुराजनगर और मझगवां में 20.5-20.5 इंच, बिरसिंहपुर में 21.5 इंच, रामपुर बघेलान में 17.1 इंच, नगौद में 17.5 इंच, सोहावल में 15.5 इंच, उचेहरा में 12.2 इंच और जसो में सबसे कम 6.5 इंच बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से निकली मानसून ट्रफ लाइन ओडिशा, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश होते हुए राजस्थान तक सक्रिय है। इसके साथ ही, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवात के प्रभाव से सतना सहित रीवा संभाग में बारिश का दौर शुरू हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भी जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *