Headlines

छात्र का शव पानी के टैंक में मिला, हंगामा:रात में क्रिकेट खेलने गया था, कनपटी पर चोट के निशान, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया




उन्नाव के गंगाघाट में नौ साल के छात्र की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया। शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे पतंग उड़ाने और नाइट क्रिकेट मैच देखने निकला हर्ष शनिवार दोपहर घर से करीब 100 मीटर दूर निर्माणाधीन टेनरी के पानी के टैंक में मृत मिला। शव पानी में उतराता देख गांव के बच्चों ने परिवार को सूचना दी। शव बाहर निकाला गया तो हर्ष की बाईं कनपटी पर चोट का निशान दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया और टेनरी मालिक को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम राजेश विश्वकर्मा, सीओ सिटी विनी सिंह और इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बदुआखेड़ा निवासी प्रेम निषाद का बेटा हर्ष प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह घर से निकला था। परिवार के मुताबिक, हर्ष ने पतंग उड़ाने और गांव के पास चल रहे नाइट क्रिकेट मैच को देखने की बात कही थी। शाम बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजन पहले आसपास तलाश करते रहे। रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी ली गई, लेकिन हर्ष का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने जाजमऊ चौकी पुलिस को बच्चे के लापता होने की जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद गुमशुदगी की एफआईआर करीब 21 घंटे बाद दर्ज की गई। इसको लेकर भी पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि बच्चे की तलाश के लिए टीम सक्रिय थी। रात 9 बजे तक CCTV में दिखा हर्ष, फिर अचानक कहां चला गया? पुलिस की शुरुआती जांच में एक अहम बात सामने आई है। शुक्रवार रात करीब नौ बजे तक हर्ष नाइट क्रिकेट मैच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है। यानी वह उस समय तक गांव के लोगों के बीच था। इसके बाद हर्ष किस दिशा में गया और किन परिस्थितियों में निर्माणाधीन टेनरी परिसर तक पहुंचा, यही अब जांच का सबसे बड़ा सवाल है। पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। क्रिकेट मैच के दौरान हर्ष के आसपास मौजूद रहे लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। करीब 100 मीटर के दायरे में बच्चे का शव मिलना भी कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हर्ष खुद टैंक तक पहुंचा था या कोई उसे वहां लेकर गया था। कनपटी पर चोट देखकर परिजन भड़के शनिवार दोपहर करीब एक बजे गांव के कुछ बच्चे निर्माणाधीन टेनरी परिसर में पहुंचे। वहां पानी के टैंक में उन्हें कुछ उतराता हुआ दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो वह हर्ष का शव था। बच्चों ने तत्काल इसकी जानकारी परिवार को दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कुछ ही देर में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर शव को पानी के टैंक से बाहर निकलवाया। शव बाहर आने के बाद हर्ष की बाईं कनपटी पर चोट का निशान दिखा। इसे देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। उन्होंने टेनरी मालिक को मौके पर बुलाने और पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की। इसी मांग को लेकर उन्होंने शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर एसडीएम राजेश विश्वकर्मा, सीओ सिटी विनी सिंह और इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारी लगातार परिवार और ग्रामीणों को समझाते रहे। परिजन मुआवजे की मांग को लेकर भी अड़े रहे। देर रात अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई।

अब पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। सीओ सिटी विनी सिंह के मुताबिक, अभी तक की जांच में हत्या जैसी कोई बात स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हर्ष टैंक तक कैसे पहुंचा और पानी में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने के साथ ही उन लोगों से पूछताछ कर रही है, जो शुक्रवार रात क्रिकेट मैच के दौरान हर्ष के आसपास मौजूद थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह भी स्पष्ट होगा कि उसकी मौत डूबने से हुई या शरीर पर मिले चोट के निशान किसी दूसरी घटना की ओर इशारा करते हैं। मां की आंखों के सामने उजड़ गया परिवार हर्ष की मौत की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा है। मां काजल का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटे भाई राहुल (7) और बहन सविता भी बार-बार अपने भाई को याद कर रोते रहे। परिवार के लोगों का कहना है कि शुक्रवार शाम तक हर्ष बिल्कुल सामान्य था और किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ घंटों बाद उसकी तलाश इतनी दर्दनाक अंत तक पहुंचेगी। इधर, गांव में भी घटना को लेकर शोक के साथ आक्रोश है। ग्रामीणों की नजर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि रात नौ बजे तक क्रिकेट मैच में दिखाई देने वाला हर्ष आखिर टेनरी के पानी के टैंक तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन हालात में हुई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *