छिंदवाड़ा में कार से पिस्टल और कारतूस बरामद:2 आरोपी गिरफ्तार; UP के व्यापारी से खरीदे थे हथियार




छिंदवाड़ा में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में देहात थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, एक छर्रे वाली पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल सफेद रंग की कार CG04-DY-4001 भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोआमा पानी टंकी के पास सफेद कार में दो युवक हथियार और कारतूस लेकर बैठे हैं। दोनों किसी गंभीर वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर देहात थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने पुलिस टीम के साथ मौके पर घेराबंदी की और दोनों युवकों को पकड़ लिया। इंस्टाग्राम पर रील देखकर UP के व्यापारी से खरीदे हथियार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब एक साल पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक रील देखी थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी से 55 हजार रुपए में पिस्टल और कारतूस खरीदे थे। पुलिस अब हथियार बेचने वाले व्यापारी की तलाश कर रही है। उसे पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी की जा रही है। चार थानों में पहले से दर्ज हैं अपराध गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पिता तिमाजी मर्सकोले (25) निवासी कुकड़ीखापा, थाना मोहखेड़, हाल गुलाबरा गली नंबर-15, थाना कोतवाली और मिथुन पिता रामाजी उइके (31) निवासी उसरिया, थाना देहात के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ देहात, कुण्डीपुरा, मोहखेड़ और कोतवाली थानों में पहले से अपराध दर्ज हैं। मामले में अपराध क्रमांक 500/26 के तहत बीएनएस की धारा 3(5) और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। परासिया नाके से निकाला जुलूस गिरफ्तारी के बाद देहात थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों का परासिया नाके से जुलूस निकाला। इस दौरान दोनों आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते हुए नजर आए। पुलिस की कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है। देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज अपराधों को देखते हुए जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *