![]()
फरीदाबाद में शादी से करीब दो महीने पहले एक 30 साल के म्यूजिशियन का शव पेड़ से लटका मिला। उसके हाथ की नस भी कटी हुई थी। युवक शनिवार दोपहर घर से स्कूटी लेकर सिर दर्द की दवाई लेने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार वाले कई घंटों से युवक को ढूंढते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद रविवार को सुबह एनएचपीसी चौक के पास झाड़ियों के करीब वो गमछे से लटका मिला। पुलिस ने युवक के शव को पेड़ से उतारकर सिविल अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच में पुलिस मामला आत्महत्या का मान रही है, हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी। जानिए क्या है पूरा मामला… शनिवार दोपहर स्कूटी लेकर निकला, रातभर घर नहीं लौटा मृतक युवक की पहचान सूर्या विहार फेज-3 निवासी रवि शर्मा के रूप में हुई। रवि शनिवार दोपहर घर से सिरदर्द की दवाई लेने के लिए निकला था। उसके भाई मनोज शर्मा के अनुसार, रवि स्कूटी लेकर गया था और इसके बाद परिवार से उसका संपर्क नहीं हुआ। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रविवार को एनएचपीसी चौक के पास झाड़ियों में मिला शव रविवार को पुलिस को बाईपास रोड स्थित एनएचपीसी चौक के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली। सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। जांच के दौरान मृतक की पहचान 30 वर्षीय रवि शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पेड़ से लटका था शव, हाथ की नस भी कटी मिली एसीपी सराय संदीप मोर ने बताया कि रवि का शव पेड़ से लटका हुआ मिला और उसके हाथ की नस भी कटी थी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और चोटों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। जागरण में म्यूजिक बजाता था, घर में चल रही थी शादी की तैयारी रवि पेशे से जागरण कार्यक्रमों में म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट बजाने का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, उसकी शादी की तैयारी चल रही थी और करीब दो महीने बाद शादी करने की योजना थी। अचानक हुई मौत के बाद परिवार सदमे में है। परिजनों का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि रवि के साथ क्या हुआ। पुलिस जोड़ रही रवि के आखिरी घंटों की कड़ी एसीपी सराय संदीप मोर के अनुसार, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रवि घर से निकलने के बाद किन जगहों पर गया और एनएचपीसी चौक के पास झाड़ियों तक कैसे पहुंचा। घटनास्थल से मिले तथ्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
शादी से 2 महीने पहले म्यूजिशियन फंदे पर मिला:हाथों की नस कटी मिलीं, फरीदाबाद में घर से दवाई लाने की बोलकर निकला था
