![]()
लुधियाना जगराओं नगर कौंसिल एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते विवादों के घेरे में आ गई है। मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व विधायक जगतार सिंह जग्गा अचानक नगर कौंसिल कार्यालय पहुंचे और कूड़ा उठाने वाले वाहनों में इस्तेमाल हो रहे डीजल के खर्च तथा लॉगबुक में अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों से तीखे सवाल-जवाब किए। पूर्व विधायक जग्गा ने आरोप लगाया कि कौंसिल में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के नाम पर बड़े स्तर पर तेल का खेल चल रहा है। उन्होंने गणित समझाते हुए कहा कि शहर में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की माइलेज 20 किलोमीटर प्रति लीटर से अधिक है, जिसके अनुसार एक गाड़ी का रोजाना का खर्च करीब 300 रुपये होना चाहिए। इसके विपरीत, कथित तौर पर प्रत्येक छोटी गाड़ी पर रोजाना लगभग 1,000 रुपये का तेल खर्च दिखाया जा रहा है। कौंसिल के पास ऐसी करीब 8 गाड़ियां हैं, जिससे कुल खर्च पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। अधिकारियों ने साधी चुप्पी, लॉगबुक दिखाने में आनाकानी कार्रवाई के दौरान ईओ मोहित शर्मा कार्यालय में मौजूद नहीं थे। जब पूर्व विधायक ने उपस्थित अधिकारियों से गाड़ियों की लॉगबुक दिखाने को कहा, तो वे एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टालते नजर आए। अधिकारियों का कहना था कि टेंडर और माइलेज से जुड़ी जानकारी एमई (ME) के पास है। जग्गा ने सवाल उठाया कि अगर गाड़ियों के किलोमीटर और तेल का पूरा रिकॉर्ड सही है, तो लॉगबुक सार्वजनिक करने से क्यों बचा जा रहा है? उन्होंने यह भी कहा कि अगर रोज कूड़ा उठ रहा है, तो शहर में जगह-जगह ढेर क्यों लगे हैं। ईओ ने आरोपों को नकारा, जांच का दिया आश्वासन मामले पर नगर कौंसिल के ईओ मोहित शर्मा ने कहा कि वह लुधियाना में एक मीटिंग के सिलसिले में बाहर थे। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नगर कौंसिल की लॉगबुक रोजाना अपडेट की जाती है। हालांकि, उन्होंने आश्वस्त किया कि पूर्व विधायक द्वारा उठाए गए बिंदुओं और आरोपों की गहन जांच करवाई जाएगी।
Source link
जगराओं नगर कौंसिल में तेल घोटाला:पूर्व विधायक जग्गा ने उठाए सवाल, एक कूड़ा गाड़ी पर रोज ₹1000 खर्च दिखा रहे
