![]()
बेगूसराय सदर प्रखंड के जनता प्लस टू विद्यालय, चांदपूरा में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नीम-चांदपूरा नगर इकाई ने शनिवार को नाराजगी व्यक्त की। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो वे विद्यालय में तालाबंदी और धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस विद्यालय में लगभग 850 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। एबीवीपी के नीम-चांदपूरा नगर मंत्री शशि राज ने बताया कि विद्यालय में चारदीवारी के अभाव में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के साथ-साथ विद्यालय के संसाधन भी असुरक्षित हैं। परिसर में आवारा पशुओं का लगातार आवागमन रहता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। शशि राज ने यह भी जानकारी दी कि विद्यालय परिसर में एक पुराना खंडहरनुमा खपरैल भवन है। स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों में इसे लेकर भय का माहौल है। उनका कहना है कि यह जर्जर भवन लंबे समय से उपेक्षित है और इसमें अक्सर जहरीले सांप देखे जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा पर लगातार चिंता बनी हुई है। मंत्री शशि राज ने बताया कि बरसात के मौसम में विद्यालय के खेल मैदान में जलजमाव हो जाता है, जिससे छात्र-छात्राओं को असुविधा होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय को प्लस टू का दर्जा मिलने के बावजूद पर्याप्त कक्षाओं का निर्माण नहीं हुआ है। कमरों की कमी के कारण परीक्षा के समय विद्यार्थियों को बैठाने में समस्या आती है। इसके अलावा, पर्याप्त कमरे न होने से विद्यालय के बेंच बरामदे में रखे रहते हैं, जिससे संपत्ति की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न लगा हुआ है। एबीवीपी ने विद्यालय में चारदीवारी, प्लस टू मॉडल भवन और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
Source link
जनता प्लस टू विद्यालय चांदपूरा में बुनियादी सुविधाओं का अभाव:एबीवीपी की नीम-चांदपूरा नगर इकाई ने तालाबंदी का अल्टीमेटम दिया
