![]()
जमुई के खैरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर बहियार में धान के खेत से लौटते समय एक किसान को जहरीले सांप ने डस लिया। किसान ने सांप को मार दिया और परिजन उसे मृत सांप के साथ इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई ले गए। अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद किसान की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन डॉक्टरों ने पांच वायल एंटी-वेनम देकर उसकी जान बचा ली। पीड़ित की पहचान मौलेश्वर यादव के पुत्र प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। देखें, मौके से आई तस्वीरें… खेत के रास्ते घर लौट रहे थे प्रवीण प्रवीण कुमार ने बताया कि वह जोरवाहा धर्मपुर बहियार स्थित अपने धान के खेत में पटवन का काम कर रहे थे। काम खत्म करने के बाद वे खेत के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक गेहमन सांप ने उन्हें डस लिया। सांप डसने के बाद कुछ दूरी पर ही रुका रहा। प्रवीण ने रोशनी कर सांप को देखा और करीब दो मिनट बाद लाठी की मदद से उसे मार दिया। परिजन प्रवीण को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे सांप को मारने के बाद परिजन प्रवीण को लेकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचे और मृत सांप को भी अपने साथ ले गए। अस्पताल में सांप को देखकर डॉक्टरों को उसके जहरीले होने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंचने के बाद प्रवीण की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और उनके शरीर में विष का असर साफ दिखाई देने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. घनश्याम कुमार ने तुरंत इलाज शुरू किया। उन्होंने किसान को करीब पांच वायल एंटी-वेनम दिया। एंटी-वेनम दिए जाने के बाद धीरे-धीरे प्रवीण की हालत में सुधार होने लगा। स्थिति सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टर ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने और सही उपचार, विशेषकर एंटी-वेनम मिलने से किसान की जान बच सकी। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप के डसने पर झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें, बल्कि तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचें।
Source link
जमुई में किसान को स्नेक बाइट, सांप लेकर पहुंचा अस्पताल:पांच वायल एंटी-वेनम से बची जान, खेत में काम करते समय हादसा
