![]()
जमुई के त्रिपुरारी घाट स्थित सालों से बंद पड़े पोस्टमॉर्टम हाउस में एक सड़ा-गला शव स्ट्रेचर पर मिला है। शव मुख्य गेट के अंदर पड़ा था, जबकि गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। शव से आ रही तेज दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय युवकों ने पोस्टमॉर्टम हाउस के पास से गुजरते समय तेज दुर्गंध महसूस की। संदेह होने पर एक युवक किसी तरह अंदर पहुंचा, जहां उसने स्ट्रेचर पर शव पड़ा देखा। शव काफी सड़ चुका था और उस पर कीड़े लगे हुए थे। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस घटना के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्ट्रेचर पर पड़ा यह शव किसका है और उसे बंद पड़े पोस्टमॉर्टम हाउस के अंदर कब और किन परिस्थितियों में लाया गया। स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि भवन के अंदर अन्य शव भी हो सकते हैं। सालों से बंद पड़े पोस्टमॉर्टम हाउस में मिला शव स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शव किसी अज्ञात व्यक्ति का है, तो नियमानुसार उसकी पहचान कराई जानी चाहिए थी। पहचान न होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत शव का अंतिम संस्कार किया जाता है। वर्षों से बंद पड़े पोस्टमार्टम हाउस में इस तरह शव का मिलना अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह भी चर्चा है कि शव किसी आपराधिक घटना से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, पुलिस जांच के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। शव की पहचान, मौत का कारण और उसे पोस्टमॉर्टम हाउस तक पहुंचाने की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल, अस्पताल प्रशासन और पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की गहन जांच और बंद पड़े पोस्टमार्टम हाउस की स्थिति की पड़ताल की मांग की है।
Source link
जमुई में बंद पोस्टमॉर्टम हाउस में मिला सड़ा-गला शव:मुख्य गेट पर ताला, पहचान और वहां तक बॉडी पहुंचने पर उठे सवाल
