![]()
जयपुर में पत्नी के टॉर्चर से परेशान होकर सेल्स मैनेजर ने सुसाइड कर लिया। वह फ्लैट में फंदे से लटके मिले थे। कमरे से चार पेज का सुसाइड नोट भी मिला था। इसमें उन्होंने लिखा था कि पत्नी ब्लैकमेलिंग के लिए बेटी को मोहरा बना रही है। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने भाई की शिकायत पर 12 अगस्त को सेल्स मैनेजर के सास-ससुर, पत्नी और साले के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। मृतक जितिन कुमार (33) के भाई का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले उसके भाई को सांवले रंग को लेकर तंज कसने लगे थे। यही नहीं, माता-पिता से अलग रहने का दबाव बना रहे थे। पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई थी। बेटी से बात करवाने के बदले 20 लाख रुपए या मकान की डिमांड कर रही थी। परिवार पर झूठा केस भी करवा दिया। पुलिस गेट तोड़कर अंदर गई, फंदे पर लटके मिले SHO (विश्वकर्मा) रवींद्र सिंह ने बताया- सादुलशहर (श्रीगंगानगर) निवासी जितिन कुमार 8 महीने से जयपुर में विश्वकर्मा के मल्होत्रा नगर में एक अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट में रहते थे। वे विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री में सेल्स मैनेजर थे। एक अगस्त को जितिन ने फ्लैट में रस्सी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुबह करीब 9 बजे जब परिजनों ने कॉल किया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। काफी प्रयासों के बाद भी बात नहीं होने पर परिजनों ने अपने परिचितों को फ्लैट पर भेजा। गेट अंदर से लॉक होने और कोई जवाब न मिलने पर परिचितों ने विश्वकर्मा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब गेट को धक्का देकर खोला तो अंदर जितिन फंदे से लटके मिले। पुलिस ने FSL टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए। कांवटिया हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पत्नी, सास-ससुर और साले को जिम्मेदार बताया SHO ने बताया- पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में कमरे तलाशी ली, जब चार पेज का सुसाइड मिला। इसमें पत्नी शेफाली, सास-ससुर और साले को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। इसके बाद जितिन के भाई पार्श्व गिल्होत्रा (29) ने सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया। अब पढ़िए- सेल्स मैनेजर के भाई ने क्या कहा… 1. शादी के बाद रंग को लेकर प्रताड़ना और अलग होने का दबाव भाई पार्श्व ने बताया- जनवरी 2019 में मलोट (पंजाब) निवासी शेफाली के साथ जितिन की शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले जितिन के सांवले रंग को लेकर तंज कसने लगे थे। वे कहते थे कि ‘काले रंग वाले लड़के से शादी करवा कर गलती कर दी, कैसे भूखे-नंगों के घर शादी कर दी।’ इस बात को लेकर वे जितिन को लगातार प्रताड़ित करते थे। इसके अलावा ससुराल वाले शेफाली के नाम पर मकान करवाने और माता-पिता से अलग रहने के लिए भी लगातार दबाव बना रहे थे। 2. बेटी से दूरी, 20 लाख की मांग और पूरे परिवार पर झूठा केस पार्श्व ने बताया- सितंबर 2021 में बेटी के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई। जयपुर में काम कर रहे जितिन जब बेटी से वीडियो या वॉइस कॉल पर बात करते, तो पत्नी शेफाली उन्हें रोकने लगी। उसने धमकी दी कि जब तक उसके नाम मकान या 20 लाख रुपए नहीं कर दिए जाते, वह बेटी से बात नहीं करवाएगी। 1 जून 2026 को शेफाली बिना बताए बेटी को मायके ले गई। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज की। 13 जून को ससुर ने घर आकर धमकी दी और 16 जून को पंजाब के मुक्तसर में परिवार के 12 लोगों पर झूठा केस दर्ज करवा दिया। हालांकि, जितिन हमेशा कहते थे कि उन पर लगाया गया केस पूरी तरह झूठा है। अपनी बेगुनाही के सारे सबूत उन्होंने एक पेन ड्राइव में सुरक्षित रखे हैं। 3. बेटी की मासूम बातें बनीं आखिरी दर्द पार्श्व ने बताया- 4 जुलाई के बाद मांग पूरी न होने पर जितिन की बेटी से बात करवाना पूरी तरह बंद कर दिया गया था। 25 जुलाई को जब मेरी जितिन से बात हुई, तो वे बेहद परेशान थे। वे बार-बार बेटी की उन्हीं मासूम बातों को याद कर रो रहे थे, जिसमें बेटी ने कहा था- ‘पापा, आप मुझे अपने साथ जयपुर ले जाओ। मैं आपके साथ ही रहूंगी। आप मुझे स्कूल छोड़ आना, सुबह-शाम दूध पिला देना और मैं अपना होमवर्क भी खुद कर लूंगी।’ बेटी की इन बातों को याद कर जितिन अंदर से पूरी तरह टूट चुके थे। इसी मानसिक तनाव में उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
Source link
जयपुर- पत्नी करती थी टॉर्चर, सेल्स मैनेजर ने किया सुसाइड:भाई का आरोप-सांवले रंग को लेकर ससुरालवाले तंज कसते थे, बेटी से मिलने नहीं देते थे
