![]()
हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने इसे हिमाचल के हित में एक सार्थक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि इस बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। अजय राणा ने हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पहाड़ी राज्य होने के कारण यहां सड़क और रेल परियोजनाओं के निर्माण की लागत अधिक होती है। इसके अतिरिक्त प्रदेश को लगातार प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पर्यटन, बागवानी, जलविद्युत, स्वास्थ्य, सड़क और रेल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में केंद्र सरकार का सहयोग हिमाचल के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री के समक्ष प्रदेश से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना हिमाचल के हितों को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं से जोड़ने का एक प्रयास है। प्रवक्ता ने जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में एम्स बिलासपुर, मेडिकल कॉलेज, सड़क कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं आगे बढ़ीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने भी हिमाचल प्रदेश को कई बड़ी परियोजनाएं प्रदान की हैं। विकास की इस गति को और तेज किया जाए राणा ने जोर दिया कि अब आवश्यकता है कि विकास की इस गति को और तेज किया जाए। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने वर्तमान कांग्रेस सरकार से अपील की कि वह केंद्र के साथ राजनीतिक टकराव की नीति छोड़कर हिमाचल के हित में बेहतर तालमेल स्थापित करे। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात से यह स्पष्ट संदेश जाता है कि हिमाचल के विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार के बीच टकराव के बजाय बेहतर समन्वय और तालमेल जरूरी है।
Source link
जयराम ठाकुर ने पीएम मोदी से की मुलाकात:हिमाचल के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा; राणा बोले-केंद्र के साथ टकराव छोड़े कांग्रेस
