Headlines

जस्टिस विनीत कुमार माथुर बने हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायाधीश:मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार अग्रवाल ने किया नियुक्त, रालसा के भी हैं कार्यकारी अध्यक्ष




राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल ने जस्टिस विनीत कुमार माथुर को प्रशासनिक न्यायाधीश नियुक्त किया है। यह आदेश 29 सितंबर को जारी हुआ और तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। यह नियुक्ति हाईकोर्ट नियम, 1952 के नियम 21(1) के तहत की गई है। प्रशासनिक न्यायाधीश के तौर पर जस्टिस माथुर एक कोर्ट से दूसरे कोर्ट में मामलों के ट्रांसफर, न्यायिक कार्य से जुड़े रिकॉर्ड केंद्र सरकार और सुप्रीम कोर्ट भेजने जैसे काम देखेंगे। वे संसद और विधानसभा के सवालों के जवाब से जुड़े मामलों को भी संभालेंगे। इसके अलावा, अधीनस्थ अदालतों के कर्मचारियों के अंतर-जिला तबादलों के प्रस्तावों पर भी वे विचार करेंगे। मुख्य न्यायाधीश द्वारा सौंपे गए अन्य मामलों की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी। जस्टिस माथुर ने 1993 में वकील के रूप में नामांकन कराया था और लंबे समय तक केंद्र सरकार के विभिन्न मामलों में पैरवी की है। उन्हें 16 नवंबर 2016 को राजस्थान हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। हाल ही में राज्य सरकार ने उन्हें राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) का कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *