![]()
जालंधर से सटे कपूरथला के फगवाड़ा में स्टैंड से एक चोर बस भगाकर ले गया। बस जालंधर की कंपनी श्री हरगोबिंदपुर की है। घटना के समय ड्राइवर घर गया हुआ था। एक अन्य ड्राइवर ने जब व्यक्ति को बस ले जाते देखा तो वह नंगे पैर ही उसके पीछे दौड़ पड़ा। हालांकि, आरोपी ने दूसरी बस को टक्कर मारी और तेज रफ्तार से बस लेकर फरार हो गया। ड्राइवर ने बताया कि 29 अगस्त की रात बस स्टैंड के अंदर बस खड़ी की गई थी। तड़के एक चोर बस को लेकर फरार हो गया। घटना का पता सुबह करीब 4:40 बजे चला, जब बस का कंडक्टर अड्डे पर पहुंचा। वहां मौजूद अन्य बस ड्राइवरों ने कंडक्टर को बताया कि उसकी बस का ड्राइवर एक गाड़ी का शीशा तोड़कर बस तेजी से भगा ले गया है। कंडक्टर ने जब अपने ड्राइवर से संपर्क किया तो पता चला कि वह घर पर ही था। इसके बाद बस चोरी होने का खुलासा हुआ। बस लेकर भागते समय चोर ने स्टैंड पर खड़ी अन्य बसों को भी टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया। CCTV कैमरों की जांच जारी, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत पीड़ित बस मालिक मिंटू निवासी जालंधर और कंडक्टर पवन कुमार ने बताया कि पीले रंग की गुरु हरगोबिंदपुर बस (नंबर PB 10 DH 5157) रोजाना की तरह 29 अगस्त की रात करीब 8 बजे फगवाड़ा बस स्टैंड पर खड़ी की गई थी। कंडक्टर रात करीब 8:30 बजे बस लॉक करके घर चला गया था। सुबह करीब 4 से 4:15 बजे के बीच चोर बस लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ितों ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई और बस की तस्वीरें भी पुलिस को सौंप दीं। पुलिस सामने बने फ्लाईओवर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ितों ने आशंका जताई है कि चोर बस का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक वारदात में कर सकता है। उन्होंने पुलिस से बस को जल्द बरामद करने की मांग की है।
Source link
जालंधर कंपनी की बस फगवाड़ा से चोरी:स्टैंड के अंदर से ले गया चोर, नंगे पैर पीछे दौड़ा ड्राइवर; CCTV खंगाल रही पुलिस
