![]()
पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में आम जनता को बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में जालंधर सिविल अस्पताल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भर्ती मरीजों का हाल-चाल जाना। इस दौरान अस्पताल में उपचाराधीन 100 टीबी मरीजों को मुफ्त इलाज के साथ-साथ विशेष हाई-प्रोटीन डाइट किट प्रदान की गई। सरकार का मुख्य उद्देश्य मरीजों को दवाइयों के साथ-साथ बेहतर पोषण देकर उन्हें जल्द से जल्द स्वस्थ बनाना है।
कैबिनेट मंत्री ने सिविल अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने सिविल अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने मौके पर मौजूद चिकित्सा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले हर जरूरतमंद व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए।
100 टीबी मरीजों का इलाज चल रहा : कैबिनेट मंत्री मामले की जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने बताया कि अस्पताल में इस समय 100 टीबी मरीजों का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से पूरी तरह से उबरने के लिए केवल दवाइयां पर्याप्त नहीं होतीं, बल्कि मरीज के शरीर को रिकवरी के लिए भरपूर पोषण की सख्त जरूरत होती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए मान सरकार ने इन मरीजों को एक महीने के लिए हाई-प्रोटीन युक्त डाइट किट मुफ्त देने का फैसला किया है, ताकि वे तेजी से रिकवर हो सकें।
मान सरकार प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लिए अभियान चला रही कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि मान सरकार प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चला रही है। स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें विभिन्न इलाकों में जाकर टीबी के मरीजों की सक्रिय रूप से तलाश कर रही हैं। पहचान होने के बाद मरीजों को अस्पताल में भर्ती करवाया जाता है, जहां उनका एक महीने तक पूरा इलाज और भोजन पूरी तरह से मुफ्त रहता है। इस दौरे के दौरान सिविल सर्जन डॉक्टर गर्ग, डॉक्टर परमवीर और अस्पताल के अन्य वरिष्ठ चिकित्सक विशेष रूप से मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री ने आम जनता से अपील की कि वे झिझक छोड़कर आगे आएं और सरकार द्वारा चलाए जा रहे इन मुफ्त स्वास्थ्य अभियानों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
Source link
जालंधर के सिविल अस्पताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री:मोहिंदर भगत ने 100 टीबी मरीजों को दिया मुफ्त इलाज और प्रोटीन डाइट
