Headlines

महिला थाने के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई:युवक बिजली पोल से चिपका, एंबुलेंस नहीं मिलने पर ई-रिक्शा से अस्पताल ले गए; इलाज के दौरान मौत




रामपुर में महिला थाने के पास मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार शिवम सैनी की मौत हो गई। शिवम को समय पर एंबुलेंस नहीं मिली, जिसके बाद उसे ई-रिक्शा से अस्पताल ले जाया गया था। यह हादसा सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है। यह घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के महिला थाने के पास मोड़ पर हुई। सुबह करीब 9:58 बजे गंगापुर कॉलोनी निवासी शिवम सैनी पहाड़ी गेट से गंगापुर रामपुर की ओर जा रहा था। मोड़ पर उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद शिवम उछलकर डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभे से जा चिपका और नीचे गिर गया। उसकी बाइक करीब 100 मीटर आगे जाकर डिवाइडर के पास गिरी, जिसका अगला हिस्सा टूट गया। शिवम ने हेलमेट नहीं पहना था। वहां मौजूद नईम ने यह जानकारी दी। इलाज के दौरान हुई मौत हादसे के बाद एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद एक युवक ने घायल शिवम को ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया। युवक का कहना था कि अगर एंबुलेंस समय पर पहुंच जाती तो शायद शिवम की जान बच सकती थी। शिवम को सुबह 10:25 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सुबह 11:40 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शिवम अपने पिता पप्पू सैनी का इकलौता बेटा था, जो मूंग की दाल बेचकर परिवार का गुजारा करते हैं। शिवम की तीन बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है और दो पढ़ाई कर रही हैं। बेटे की मौत से मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सिविल लाइंस थाना इंस्पेक्टर ओंकार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तरफ से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *