Headlines

जिंदर हत्या मामले में मुख्य आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार:विदेश भागने की फिराक में था, पुलिस ने दबोचा




कपूरथला पुलिस ने एक माह पहले हुई जतिंदर सहगल उर्फ जिंदर धनिया हत्या मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्य आरोपी निखिल शर्मा को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है, जो विदेश भागने की फिराक में था। इसके अलावा, दो अन्य आरोपियों सौरभ और सुखविंदर सिंह को करतारपुर के पास से पकड़ा गया है। यह जानकारी एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने दी है। एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि यह घटना 28 जून की शाम कपूरथला के लाहौरी गेट के पास हुई थी। कुछ लोगों ने जतिंदर सहगल उर्फ जिंदर धनिया पर तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान सिविल अस्पताल में जतिंदर की मौत हो गई थी। घटना के बाद सिटी थाना पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस पहले ही एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी थी। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी। टेक्निकल टीम की मदद और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से मुख्य आरोपी निखिल शर्मा को दबोच लिया। वहीं, आरोपी सौरभ कुमार और सुखविंदर सिंह को करतारपुर के नजदीक से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में नामजद 9 आरोपियों में से अब तक एक नाबालिग सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी व जांच की जा रही है।
घर लौटते वक्त जिंदर की स्कूटी रोक किया था तेजधार हथियारों से हमला मृतक की बहन सोनिका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि घटना से पहले जिंदर अपनी स्कूटी पर सवार हो कर घर लौट रहा था। जब वे लाहौरी गेट स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंचे, तो वहां पहले से खड़े निखिल शर्मा उर्फ बोवा, सौरभ कुमार, निखिल उर्फ लालू, साहिल और कुछ अज्ञात युवकों ने उनकी एक्टिवा रोक ली। उन्होंने जतिंदर को घेरकर तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सोनिका ने यह भी बताया था कि उनके भाई ने उन्हें बताया था कि हरसिमरनजीत सिंह, चाहत सूद और राजू शर्मा उसे लगातार जान से मारने की धमकियां देते रहते थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर निखल शर्मा, सौरभ कुमार, निखिल, साहिल, हरसिमरनजीत सिंह, चाहत सूद, राजुक शर्मा और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *