संगरूर में BJP ऑफिस पर हमले के बाद जांच करती पुलिस।
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के एक और ऑफिस को निशाना बनाया गया है। संगरूर में पार्टी के जिला ऑफिस पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे कार्यालय की दीवार के ऊपर से
.
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। ऑफिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार देर रात से सोमवार तड़के के बीच हुई। हमले का सही समय सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद स्पष्ट होगा। SSP नवजोत ग्रेवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
प्राथमिक जांच में पुलिस इसे भाजपा कार्यालय को निशाना बनाकर किया गया हमला मानकर जांच कर रही है। हालांकि हमलावरों के मकसद पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी मौके से सैंपल जुटाए हैं। रिपोर्ट के आधार पर विस्फोटक और ज्वलनशील पदार्थ की पुष्टि की जाएगी।
उधर, हमले के बाद पूर्व मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने यहां का दौरा किया। उन्होंने इस हमले की निंदा की। बिट्टू ने पंजाब सरकार को ‘बेकार’ और मुख्यमंत्री को ‘व्यर्थ में व्यस्त’ रहने वाला बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह भी नहीं पता कि उनके अपने शहर संगरूर में क्या हो रहा है, जहां भाजपा कार्यालय पर हमला किया गया।

पेट्रोल बम हमले के बाद दीवार के पास जांच करती पुलिस।
कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा
बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह भी नहीं पता कि उनके अपने शहर संगरूर में क्या हो रहा है, जहां भाजपा कार्यालय पर हमला किया गया। बिट्टू ने पंजाब पुलिस प्रशासन और डीजीपी से इस घटना की पूरी जांच की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि राज्य नहीं चल रहा है, तो पंजाब के मुख्यमंत्री को पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने सत्ता में आने से पहले किए गए वादों पर भी सरकार को घेरा। बिट्टू के अनुसार, भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा पूरा नहीं हुआ, बल्कि यह और बढ़ गया है। नशे को खत्म करने के वादे के बावजूद, युवा नशे की ओवरडोज से मर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हर दिन कहीं न कहीं लूटपाट हो रही है। आज तो हद ही हो गई जब भाजपा के दफ्तर को निशाना बनाया गया। पेट्रोल से भरी बोतल में आग लगाकर कार्यालय को क्षति पहुंचाने की कोशिश की गई। उन्होंने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

बिट्टू बोले- भाजपा कार्यकर्ता डरने वाले नहीं
रवनीत बिट्टू ने कहा कि सीएम के अपने गृह जिले संगरूर में भाजपा ऑफिस पर पेट्रोल बम से हुआ हमला पंजाब की कानून-व्यवस्था की असली तस्वीर है। भगवंत मान, क्या यही है आपका ‘रंगला पंजाब’? भाजपा कार्यकर्ता इन कायरतापूर्ण हरकतों से डरने वाले नहीं हैं। पंजाब की शांति के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
केयरटेकर ने सुबह आग लगने की सूचना दी
भाजपा नेता रणदीप देओल ने बताया कि सोमवार सुबह केयरटेकर का फोन आया। उसने कार्यालय में आग लगने की जानकारी दी और तस्वीरें भेजीं। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी कार्यकर्ताओं को सूचना दी गई। देओल ने कहा कि यह गंभीर सुरक्षा चूक है और पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े करती है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आईं 3 बातें
- बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर कार्यालय पर हमला किया गया।
- बोतल कार्यालय की आउटडोर गार्डन वाली दीवार के ऊपर से फेंकी गई, जो बिल्डिंग के दो हिस्सों के बीच गिरी।
- मौके से आग लगने के निशान मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।

भाजपा ऑफिस की सुरक्षा बढ़ाते हुए गेट और परिसर में पुलिस मुलाजिम तैनात कर दिए गए हैं।
SP बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी संगरूर के SP देवेंद्र अत्री ने बताया कि सूचना मिलते ही DSP और SHO के नेतृत्व में पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। किसी भी शरारती तत्व के मंसूबे सफल नहीं होने दिए जाएंगे।

हमले के बारे में जानकारी देते संगरूर के SP देवेंद्र अत्री।
4 महीने में BJP दफ्तर पर दूसरा हमला इससे पहले 1 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर हैंड ग्रेनेड फेंका गया था। ग्रेनेड कार्यालय की पार्किंग के पास गिरा था, जिससे वहां खड़े वाहन क्षतिग्रस्त हुए थे, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। जांच में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मामले में विदेश में बैठे कथित हैंडलरों और प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े लिंक सामने आने का दावा किया था। मामले में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। लगातार दूसरी घटना के बाद पंजाब में राजनीतिक दलों के कार्यालयों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
*************
ये खबर भी पढ़ें:
पंजाब भाजपा के 2 ऑफिसों पर हमला, VIDEO: लाठी-डंडे लेकर घुसे लोग, तोड़फोड़ की, पथराव किया; दीवारों-पोस्टरों पर इंक फेंकी

पंजाब में सोमवार को भाजपा के दो ऑफिसों में हंगामा और तोड़फोड़ हुई। मोहाली के जीरकपुर में 5 नकाबपोश युवक भाजपा ऑफिस में घुस गए और दीवारों व पोस्टरों पर इंक फेंककर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने भाजपा नेता गुरदर्शन सैनी की तस्वीर पर भी इंक फेंकी। घटना के दौरान ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी कुछ देर बाद मौके से फरार हो गए। (पढ़ें पूरी खबर)
