Headlines

झांसा देकर यौन शोषण का आरोपी सुपौल से गिरफ्तार



भास्कर न्यूज | सिमडेगा शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने के मामले में करीब सात माह से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने सुपौल से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी उसके घर से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सिमडेगा थाना क्षेत्र की करीब 25 वर्षीय युवती ने ललित कुमार यादव निवासी बसुआरी, थाना घोघरडीहा, जिला मधुबनी (बिहार) के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। युवती के आवेदन पर सिमडेगा थाना में 17 मार्च 2026 को कांड संख्या 43/2026 दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई थीं। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाकर आरोपी के वर्तमान ठिकाने का पता लगाया। इसके बाद सरोजा कोनी वार्ड-12, थाना सुपौल नदी,जिला सुपौल में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। 1993 के मामले में जारी था स्थायी वारंट: दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने 1993 के एक आपराधिक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी बुधु घांसी उर्फ बुधु नायक उर्फ बाबा संगमासी निवासी कपलास, कंसबाहल, थाना जलडेगा (बांसजोर ओपी), जिला सिमडेगा को गिरफ्तार किया। पुलिस इंस्पेक्टर एल जी बागे ने बताया कि उसके खिलाफ बांसजोर ओपी कांड से संबंधित एसटी संख्या 104(A) /93 में धारा 307, 325, 341 और 34 भादवि के तहत न्यायालय से स्थायी वारंट जारी था। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर उसके घर पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्हों बताया कि फरार अभियुक्तों और न्यायालय से जारी वारंटों के वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *