Headlines

फर्रुखनगर मंडी में बाजरा खरीद पर कांग्रेस-चेयरमैन आमने-सामने:कांग्रेस का आरोप- 5 दिन में बाजरा नहीं खरीदा; चेयरमैन बोले-कांग्रेस राज में खरीद बंद थी




गुरुग्राम में सोमवार को कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव फर्रुखनगर अनाज मंडी पहुंचे। उनके साथ प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर जे. तंवर और ब्लॉक अध्यक्ष सुनील यादव थे। उन्होंने बाजरे की सरकारी खरीद का जायजा लिया। वर्धन यादव ने कहा कि बाजरे का MSP 2900 रुपए प्रति क्विंटल तय है। पर मंडी में 5 दिन से एक भी किसान का बाजरा नहीं खरीदा गया, जिससे किसान व्यापारियों को फसल बेचने पर मजबूर हैं। उन्होंने सरकार से तुरंत निर्धारित समर्थन मूल्य पर बाजरे की खरीद शुरू करने और मंडी में सफाई व सुविधाएं देने को कहा। मार्केट कमेटी चेयरमैन बोले- कांग्रेस शासनकाल में बाजरे की खरीद बंद थी मंडी कार्यालय में बाजरा खरीद पर वर्धन यादव और मार्केट कमेटी चेयरमैन दौलतराम के बीच तीखी बहस हुई। दौलतराम ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में बाजरे की खरीद बंद थी। चेयरमैन दौलतराम ने आरोप लगाया कि विपक्ष किसानों को बरगला रहा है और राजनीतिक रंग दे रहा है। उन्होंने कहा कि किसान खुश हैं और भाजपा सरकार उनके हित में काम कर रही है। ‘निर्धारित मूल्य दिलाने की व्यवस्था की जा रही है’ उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में किसानों की फसल खरीदने और उन्हें निर्धारित मूल्य दिलाने की व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान मंडी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों के बीच भी खरीद व्यवस्था को लेकर चर्चा होती रही। कांग्रेस नेताओं ने जहां सरकारी खरीद शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाया, वहीं मार्केट कमेटी चेयरमैन ने सरकार की व्यवस्था का बचाव करते हुए कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक बताया। मंडी में दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से बाजरा खरीद का मुद्दा चर्चा में रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *