![]()
चूरू सदर पुलिस ने ट्रकों से सामान चोरी की जांच के दौरान हंगामा करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बाद में एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। सदर थाना पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान पुलिस महादेव होटल के पास पहुंची थी। वहां मौजूद ट्रक चालकों ने पुलिस को अपने ट्रकों से सामान और स्टेपनी चोरी होने की जानकारी दी। एक ड्राइवर ने गोरीसर निवासी ट्रक चालक विजय सिंह पर चोरी की आशंका जताई। सूचना मिलने पर पुलिस ने संबंधित ट्रक मालिक से संपर्क किया और विजय सिंह को मौके पर बुलाया। पूछताछ शुरू होते ही विजय सिंह कथित तौर पर आक्रोशित हो गया। उसने पुलिस से बहस करते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। पुलिस का आरोप है कि विजय सिंह ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और शिकायतकर्ता को नहीं छोड़ने की धमकी देते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई की है।
Source link
ट्रक चोरी पूछताछ में हंगामा, ड्राइवर गिरफ्तार:चूरू पुलिस ने एसडीएम कोर्ट में किया पेश
