Headlines

घर में सो रही महिला को बाघ उठाकर ले गया:रात डेढ़ बजे 300 मीटर तक घसीटा, सिर में गंभीर चोट से मौत




बालाघाट जिले में रविवार सुबह एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। बाघ उसे अपने जबड़े में उठाकर करीब 300 मीटर तक घसीटता ले गया। परिजन और ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया। गंभीर रूप से घायल महिला को बैहर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। यह घटना कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के खापा परिक्षेत्र अंतर्गत कुमादेही पंचायत के पर्रापुर बैगाटोला में हुई। बैहर पुलिस ने शव कब्जे में लिया। मृतक महिला की पहचान पर्रापुर बैगाटोला निवासी सुगनी बाई पति बुधराम धुर्वे के रूप में हुई है। वह रात करीब डेढ़ बजे अपनी बिना दरवाजे वाली झोपड़ी में सो रही थी। तभी जंगल से गांव में घुसे बाघ ने उसके सिर को जबड़े में पकड़ा और घसीटते हुए ले जाने लगा। परिजन और ग्रामीणों ने शोर मचाया और टॉर्च की रोशनी की, जिसके बाद बाघ महिला को घर के पास खेत में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। डॉक्टर ने क्या बताया? बीएमओ डॉ. अनंत लिल्हारे ने बताया कि बाघ के हमले से महिला के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। घटनास्थल के पास कई बार देखे गए बाघ पर्रापुर बैगाटोला गांव कान्हा के जंगल से सटा हुआ है। पिछले कुछ महीनों से इस क्षेत्र में बाघ और तेंदुए के घरों के आसपास देखे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जिम्मेदार क्या बोले? घटना के बाद वन परिक्षेत्र की टीम ने गांव में पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे रात में घरों के दरवाजे बंद रखें, बच्चों और बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें और जंगल की ओर जाने से बचें। प्रशासन ने मृतक के परिजन को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा भी दिया है। सिजोरा बफरजोन के सहायक संचालक आशीष पांडे ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है। जांच के बाद पूरे तथ्य आने पर घटना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। जनमन से नहीं मिल पाया आवास सुगनीबाई के बिना दरवाजे की झोपड़ी और अन्य ग्रामीणों के मकानों को देखकर लगता है कि आज भी यह शासन की योजनाओं से वंचित है। जनपद अध्यक्ष सम्मलसिंह धुर्वे ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पर्रापुर के ग्रामीण कैसे छूट गए, यह देखना होगा। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार सहित अन्य लोगों को जल्द ही आवास सहित शासन की अन्य योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *