![]()
देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गौरीबाजार स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर ट्रक और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। रुद्रपुर की तरफ से आ रहा एक ट्रक गौरीबाजार रेलवे ओवरब्रिज पर सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। बाइक पर देव प्रजापति और उनके चाचा घनश्याम प्रजापति सवार थे। घायल घनश्याम प्रजापति ने बताया कि वह तहसील बांसगांव, गोरखपुर में कार्यरत हैं। वह अपने भतीजे देव के साथ कौड़ीराम, गोरखपुर से गौरीबाजार क्षेत्र स्थित अपनी बहन के गांव जा रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज पर अचानक सामने से आए ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में देव की मौके पर मौत प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में देव प्रजापति को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं घनश्याम भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल घनश्याम को तत्काल सीएचसी गौरीबाजार पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गौरीबाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक देव प्रजापति के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए ओवरब्रिज पर आवागमन भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। चालक ट्रक छोड़कर फरार पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही ट्रक के नंबर और अन्य जानकारी के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। गौरीबाजार पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
Source link
ट्रक-बाइक की टक्कर में युवक की मौत, चाचा गंभीर:देवरिया के गौरीबाजार में हुआ हादसा, चालक ट्रक छोड़कर फरार
