![]()
सक्ती जिले के डभरा नगर पंचायत क्षेत्र में एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से 8 गौवंशों की मौत हो गई, जबकि एक गौवंश घायल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और नगरवासियों में नाराजगी देखी गई। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह हुआ जब सड़क पर बैठे गौवंश किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही 8 गौवंशों ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर नगर पंचायत की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृत गौवंशों को सड़क से हटाया। घायल गौवंश का उपचार स्थानीय गौसेवकों की मदद से किया गया। भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डभरा नगर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण न होने पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उनका आरोप है कि नगर क्षेत्र से गुजरने वाले भारी वाहन अक्सर तेज गति से चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि डभरा नगर में भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री व्यवस्था लागू की जाए। उन्होंने प्रमुख स्थानों पर पुलिस बैरिकेडिंग लगाने और यातायात नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की भी अपील की। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
Source link
डभरा में तेज रफ्तार वाहन से 8 गौवंशों की मौत:एक घायल, नगरवासियों ने भारी वाहनों पर नियंत्रण की मांग की
