![]()
सावन माह के अवसर पर शनिवार दोपहर डीग शहर के आऊ गेट से डाक कांवड़ यात्रा के लिए लगभग 70 कांवड़ियों का एक दल हरिद्वार के लिए रवाना हुआ। यात्रा शुरू होने से पहले कांवड़ियों ने मुरली मनोहर मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर में कांवड़ियों ने भगवान शिव से यात्रा की सफलता और सभी कांवड़ियों की सुखद यात्रा की कामना की। पूजा-अर्चना के उपरांत कांवड़ियों ने डीजे, ढोल और नगाड़ों के साथ एक शोभायात्रा निकाली। इस दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए उत्साह के साथ आगे बढ़े, जिससे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गणेश मंदिर पहुंची। गणेश मंदिर में कांवड़ियों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और मंदिर की परिक्रमा की। इसके पश्चात सभी कांवड़िए हरिद्वार के लिए प्रस्थान कर गए। यह कांवड़ियों का दल हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेकर डाक कांवड़ के रूप में वापस लौटेगा। सावन माह में भगवान शिव को गंगाजल अर्पित करने की धार्मिक परंपरा के तहत यह यात्रा की जा रही है। यात्रा को लेकर कांवड़ियों में विशेष उत्साह देखा गया और रवाना होते समय ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
Source link
डीग से 70 कांवड़ियों का दल हरिद्वार रवाना:मुरली मनोहर मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, शोभायात्रा निकाली
