![]()
दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए गोरखपुर से होकर तीन साप्ताहिक त्यौहार विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों से गोरखपुर के यात्रियों को दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और पूर्वांचल के कई शहरों के लिए अतिरिक्त आवागमन की सुविधा मिलेगी। तीनों ट्रेनों का संचालन अक्टूबर और नवंबर में निर्धारित फेरों के अनुसार किया जाएगा।
छपरा-आनंद विहार ट्रेन गोरखपुर होकर चलेगी, 8 फेरे
05085 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक त्यौहार विशेष ट्रेन 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन छपरा से दोपहर 1:05 बजे रवाना होकर मशरख, दिघवा दुबौली, थावे, पडरौना, रामकोला और कप्तानगंज होते हुए शाम 7:20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से 7:20 बजे रवाना होकर खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली और मुरादाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 9:40 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वापसी में 05086 आनंद विहार-छपरा विशेष ट्रेन 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह आनंद विहार से सुबह 10:50 बजे रवाना होगी और गोरखपुर अगले दिन रात 12:35 बजे पहुंचेगी। इसके बाद कप्तानगंज, रामकोला, पडरौना, थावे, दिघवा दुबौली और मशरख होते हुए सुबह 7 बजे छपरा पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इसमें सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार, शयनयान के पांच, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी के दो, एसी थ्री के छह, एसी टू के दो, एसी फर्स्ट-कम-सेकेंड का एक और अन्य आवश्यक कोच शामिल हैं।
मऊ-अंबाला ट्रेन से गोरखपुर के यात्रियों को दिल्ली-हरियाणा की सुविधा
05301 मऊ-अंबाला कैंट साप्ताहिक त्यौहार विशेष ट्रेन 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन मऊ से सुबह 4:40 बजे रवाना होकर बेलथरा रोड, भटनी और देवरिया सदर होते हुए सुबह 7:50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से बस्ती, मनकापुर, गोंडा, सीतापुर, बरेली और मुरादाबाद होते हुए गाजियाबाद रात 10:10 बजे और दिल्ली रात 11:05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद सोनीपत और पानीपत होते हुए अगले दिन सुबह 3:55 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी।
वापसी में 05302 अंबाला कैंट-मऊ विशेष ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। यह अंबाला कैंट से सुबह 5:45 बजे रवाना होकर दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा और बस्ती होते हुए अगले दिन रात 12:35 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से देवरिया सदर और भटनी होते हुए सुबह 4:30 बजे मऊ पहुंचेगी।
इस ट्रेन में भी कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इसमें सामान्य, शयनयान और विभिन्न वातानुकूलित श्रेणियों के कोच शामिल होंगे।
वडोदरा-गोरखपुर पूजा स्पेशल से गुजरात-राजस्थान की कनेक्टिविटी
09111 वडोदरा-गोरखपुर साप्ताहिक पूजा विशेष ट्रेन 5 अक्टूबर से 23 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन वडोदरा से शाम 7 बजे रवाना होगी। गोधरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, आगरा, टुंडला, शिकोहाबाद, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कानपुर, ऐशबाग, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती होते हुए रात 11:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 09112 गोरखपुर-वडोदरा पूजा विशेष ट्रेन 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह गोरखपुर से सुबह 5 बजे रवाना होकर बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, ऐशबाग, कानपुर, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, शिकोहाबाद, टुंडला, आगरा, भरतपुर, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर और कोटा होते हुए रतलाम व गोधरा पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 8:35 बजे वडोदरा पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इनमें सामान्य, शयनयान, एसी थ्री, एसी टू और एसी फर्स्ट-कम-सेकेंड श्रेणी के कोच के साथ पेंट्रीकार भी शामिल रहेगा।
लखनऊ में ठहराव नहीं, बदले मार्ग से चलेगी वडोदरा स्पेशल
लखनऊ स्टेशन पर आरएलडीए की ओर से लिए जाने वाले ब्लॉक के कारण 09111/09112 वडोदरा-गोरखपुर पूजा विशेष ट्रेन परिवर्तित मार्ग मानकनगर-ऐशबाग-मल्हौर होकर चलेगी। मार्ग परिवर्तन के कारण इस ट्रेन का लखनऊ स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।
रेल प्रशासन के अनुसार, पर्वों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इससे गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली, अंबाला, आनंद विहार, मऊ, छपरा, गुजरात और राजस्थान की ओर यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
Source link
त्योहारों पर गोरखपुर होकर चलेंगी 3 स्पेशल ट्रेनें:दिल्ली-हरियाणा-गुजरात के लिए स्पेशल ट्रेनें
