![]()
उज्जैन के नरवर थाना क्षेत्र में सोमवार रात सड़क हादसे में लोडिंग वाहन चालक की मौत हो गई। हादसा रात करीब 11 से 12 बजे के बीच नरवर में एमआईटी ब्रिज से आगे हुआ। लोडिंग वाहन चालक श्रीपाल कुमावत सड़क किनारे वाहन रोककर लहसुन का कट्टा रखने के बाद त्रिपाल बांध रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार कार ने लोडिंग वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में श्रीपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। लहसुन का कट्टा गिरने पर रोका था वाहन नरवर थाना पुलिस के अनुसार, ताजपुर से लहसुन से भरा लोडिंग वाहन इंदौर मंडी जा रहा था। रास्ते में वाहन से लहसुन का एक कट्टा नीचे गिर गया। चालक श्रीपाल कुमावत निवासी ताजपुर ने वाहन को सड़क किनारे रोका और नीचे उतरकर कट्टा वापस वाहन में रखा। इसके बाद श्रीपाल वाहन पर त्रिपाल यानी पल्ली बांधने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही हरियाणा नंबर की कार ने लोडिंग वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। श्रीपाल की मौके पर ही मौत टक्कर से श्रीपाल कुमावत नीचे गिर गए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए देवास के अमलतास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल कार चालक का नाम अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच जानकारी मिलने पर नरवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला जांच में लिया है और हादसे की वजहों का पता लगाया जा रहा है।
Source link
त्रिपाल बांध रहे चालक को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा:उज्जैन के नरवर में हुआ हादसा, मौके पर मौत; कार चालक घायल अस्पताल में भर्ती
