Headlines

दक्षिण हरियाणा की सियासत में बदलाव की आहट:गुरुग्राम से महेंद्रगढ़ तक सम्मान समारोहों का दौर, राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज




दक्षिण हरियाणा की राजनीति में इन दिनों एक नए युवा चेहरे की सक्रियता ने सियासी हलकों में चर्चाओं को तेज कर दिया है। पूर्व सांसद एवं भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव के बेटे और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी सिद्धार्थ यादव लगातार दक्षिण हरियाणा के अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय नजर आ रहे हैं। गुरुग्राम से लेकर रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ तक उनके सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों को महज अभिनंदन समारोह न मानकर राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गुरुग्राम में सम्मान समारोह के बाद अब रविवार सुबह 10 बजे रेवाड़ी के केएलपी कॉलेज में सर्व समाज की ओर से सिद्धार्थ यादव का अभिनंदन समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह को लेकर क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। लगातार हो रहे इन कार्यक्रमों ने दक्षिण हरियाणा की राजनीति में सिद्धार्थ यादव की बढ़ती सक्रियता को चर्चा का विषय बना दिया है।
सिद्धार्थ यादव ऐसे समय में दक्षिण हरियाणा में सक्रिय हुए हैं, जब भाजपा संगठन में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति पर लगातार काम कर रही है। केंद्र से लेकर राज्यों तक पार्टी नई पीढ़ी के नेताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियां देकर तैयार कर रही है। ऐसे में सिद्धार्थ यादव को मिली राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी और उसके बाद दक्षिण हरियाणा में उनकी बढ़ती सक्रियता को भी इसी राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। मां की राजनीतिक विरासत से भी जुड़ता है नाम: सिद्धार्थ यादव की दक्षिण हरियाणा में सक्रियता इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि उनकी मां डॉ. सुधा यादव इस क्षेत्र की राजनीति में मजबूत पहचान रखती हैं। डॉ. सुधा यादव ने रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर तत्कालीन दिग्गज नेता राव इंद्रजीत सिंह को पराजित किया था। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। ऐसे में सिद्धार्थ यादव का इसी क्षेत्र में लगातार कार्यक्रमों में शामिल होना और सर्व समाज के बीच पहुंच बनाना राजनीतिक तौर पर कई सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, अभी उनकी ओर से दक्षिण हरियाणा की किसी चुनावी भूमिका को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उनकी सक्रियता ने भविष्य की संभावनाओं पर चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है। 30 साल की उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी: करीब 30 वर्षीय सिद्धार्थ यादव सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता संघ से जुड़े रहे हैं। कानून और राजनीति दोनों क्षेत्रों में सक्रिय रहने के साथ वह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उनकी कार्यक्षमता और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए पार्टी ने अब उन्हें राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उनका अपने गृह क्षेत्र और दक्षिण हरियाणा में लगातार कार्यक्रमों में शामिल होना खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों की नजर इस बात पर है कि आने वाले समय में पार्टी उन्हें किस तरह की भूमिका देती है और क्या उनकी सक्रियता को दक्षिण हरियाणा में संगठन विस्तार के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। अब निगाहें अगले कदम पर: सिद्धार्थ यादव की बढ़ती सक्रियता ने दक्षिण हरियाणा की राजनीति में नई संभावनाओं की चर्चा शुरू कर दी है। सम्मान समारोहों में सामाजिक भागीदारी, राष्ट्रीय संगठन में मिली जिम्मेदारी और क्षेत्र में लगातार बढ़ती मौजूदगी—इन तीनों को जोड़कर राजनीतिक विश्लेषक आने वाले समय में उनकी भूमिका पर नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने पर सम्मान और जनसंपर्क तक सीमित है या इसके पीछे दक्षिण हरियाणा में किसी बड़ी राजनीतिक भूमिका की तैयारी भी है। लेकिन इतना जरूर है कि सिद्धार्थ यादव की सक्रियता ने क्षेत्र की सियासत में हलचल जरूर पैदा कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *