Headlines

दतिया में सड़क हादसे में घायल किसान की मौत:शादी से लौटते समय ट्रॉली से टकराई थी बाइक, 47 दिन बाद तोड़ा दम




दतिया के धीरपुरा थाना क्षेत्र में 19 जून की रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक किसान ने 47 दिन तक चले उपचार के बाद दम तोड़ दिया। मंगलवार रात दिल्ली से घर लौटते समय रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुंदरपुरा निवासी 55 वर्षीय नरेंद्र सिंह परमार पिता गुलाब सिंह परमार के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी करते थे। परिजनों ने बताया कि 19 जून को नरेंद्र सिंह गांव के दीपू कुशवाहा और शिवराम विश्वकर्मा के साथ दतिया में एक परिचित के शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात शादी से लौटते समय कालीपुरा गांव के पास यह हादसा हुआ। सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी के कारण उन्हें आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी और उनकी बाइक पीछे से ट्रॉली से टकरा गई। इस दुर्घटना में नरेंद्र सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके दोनों साथी मामूली रूप से घायल हुए थे। उन्हें पहले दतिया जिला अस्पताल, फिर ग्वालियर और बाद में बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया था। सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिजन उन्हें घर लेकर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। धीरपुरा पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *