![]()
दरभंगा समाहरणालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में मंगलवार को उत्पाद विभाग की ओर से जब्त किए गए वाहनों की नीलामी आयोजित की गई। देर शाम तक चली इस प्रक्रिया में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और वाहनों पर बढ़-चढ़कर बोली लगाई। नीलामी के दौरान दोपहिया, तीनपहिया, ऑटो रिक्शा, पिकअप, चारपहिया वाहन और ट्रक समेत कुल 57 वाहनों की बोली लगाई गई। निर्धारित नियमों के तहत इच्छुक लोगों ने प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से भाग लेकर वाहनों की खरीद के लिए बोली लगाई। दरभंगा, समस्तीपुर समेत कई जिले के लोग हुए शामिल उत्पाद विभाग के पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया, ‘पूरी नीलामी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, पटना समेत बिहार के कई जिलों से लोग नीलामी में शामिल होने पहुंचे थे।’ उन्होंने बताया कि सफल बोलीदाताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर नीलामी की राशि जमा करनी होगी। राशि जमा होने के बाद सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर संबंधित वाहनों का हस्तांतरण उनके नाम किया जाएगा। 30 जुलाई को होगी अगली नीलामी प्रदीप कुमार ने जानकारी दी कि जब्त वाहनों की अगली नीलामी 30 जुलाई को आयोजित की जाएगी। उन्होंने इच्छुक लोगों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय पर पहुंचकर नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
Source link
दरभंगा समाहरणालय में जब्त वाहनों की नीलामी:ट्रक से लेकर बाइक तक 57 वाहनों पर लगी बोली, बिहार के कई जिलों से पहुंचे खरीदार
