![]()
पाली शहर के प्यारा चौक क्षेत्र में शुक्रवार शाम 11वीं शरीफ की नियाज के अवसर पर आयोजित दावत में खाना खाने के बाद 200 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद लोग रात करीब 12 बजे से अस्पताल पहुंचने लगे। मरीजों की संख्या बढ़ने से बांगड़ अस्पताल में बेड कम पड़ गए। ऐसे में कई लोगों को निजी अस्पतालों में भी इलाज करवाना पड़ा। राहत की बात यह रही कि किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं बताई गई। अचानक बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने पर अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों की अतिरिक्त टीम बुलाई। रात 11 बजे बाद बिगड़ने लगी तबीयत पाली के उप महापौर एवं मुस्लिम समाज के नेता मेहबूब टी ने बताया- प्यारा चौक क्षेत्र में 11वीं शरीफ की नियाज के अवसर पर करीब 700 से 1000 लोगों के लिए दावत रखी गई थी। खाने में मलाई राजभोग मिठाई भी शामिल थी। दावत में शामिल लोग खाना खाने के बाद अपने घर चले गए। रात करीब 11 बजे के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। पीड़ितों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर वे इलाज के लिए बांगड़ अस्पताल पहुंचने लगे। इनमें पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण कई लोगों ने निजी अस्पतालों में भी उपचार करवाया। मेहबूब टी के अनुसार, मिठाई खाने से फूड पॉइजनिंग होने की आशंका है। हालांकि, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मरीज बढ़े तो डॉक्टरों की अतिरिक्त टीम बुलाई बांगड़ अस्पताल के कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. आरके विश्नोई ने बताया कि फूड पॉइजनिंग की शिकायत के साथ एक साथ बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने के कारण डॉक्टरों की अतिरिक्त टीम बुलाई गई। सभी मरीजों का उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है। अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड के बाहर मरीजों के परिजनों और अन्य लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा रही। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। पुलिस ने दावत के आयोजक से की पूछताछ घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम प्यारा चौक स्थित उस घर पर पहुंची, जहां दावत आयोजित की गई थी। पुलिस ने आयोजक से खाने में बनाए गए व्यंजनों और मिठाई कहां से मंगवाई गई थी, इस संबंध में जानकारी ली। इस मौके पर सीओ सिटी मंगलेश चुंडावत, सीओ सोजत प्रतीक मील, कोतवाली प्रभारी रविंद्र सिंह खींची सहित पुलिस जाप्ता तैनात रहा। मामले में जांच की जा रही है।
Source link
दावत-खाने के बाद 200 से ज्यादा लोग फूड-पॉइजनिंग के शिकार:उल्टी-दस्त, पेट दर्द की शिकायत; रात 12 बजे से बांगड़ अस्पताल पहुंचने लगे मरीज
