![]()
देवघर में राजकीय श्रावणी मेले के दौरान मंगलवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक श्रद्धालु को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाला। बिहार का यह करीब 28 वर्षीय श्रद्धालु शिवगंगा तालाब के समीप भट्टर धर्मशाला परिसर स्थित एक गहरे कुएं में गिर गया था। एनडीआरएफ टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कुछ ही मिनटों में बचाव अभियान पूरा किया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर लगभग 1:30 बजे स्थानीय लोगों ने एक पुरुष श्रद्धालु को भट्टर धर्मशाला के कुएं में गिरते देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना मेला नियंत्रण कक्ष को दी। लगभग 1:35 बजे नियंत्रण कक्ष से शिवगंगा तालाब के पास तैनात एनडीआरएफ टीम को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। इस टीम में एक सब-ऑफिसर और छह अन्य बचावकर्मी शामिल थे। टीम लगभग 1:40 बजे घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया। स्थिति का आकलन करने के बाद एक प्रशिक्षित बचावकर्मी रस्सी और कैराबिनर की सहायता से कुएं में उतरा। बचावकर्मी ने श्रद्धालु को सुरक्षित तरीके से बांधा, जिसके बाद रस्सी और अन्य आधुनिक बचाव उपकरणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। लगभग 1:45 बजे श्रद्धालु को सुरक्षित रूप से कुएं से बाहर निकाल लिया गया। इस प्रकार, सूचना मिलने के लगभग दस मिनट के भीतर एनडीआरएफ टीम ने सफलतापूर्वक बचाव अभियान पूरा किया। कुएं से बाहर निकाले गए श्रद्धालु की पहचान योगेंद्र चौधरी (28), पिता विलास चौधरी, निवासी बोधगया, जिला गया, बिहार के रूप में हुई है। बाहर निकालने के तुरंत बाद एनडीआरएफ कर्मियों ने उन्हें प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद श्रद्धालु को पुलिस ओपी संख्या-06 को सौंपा गया। वहां से उन्हें आगे की चिकित्सकीय जांच, उपचार और देखभाल के लिए मेडिकल कैंप भेजा गया। श्रावणी मेले के दौरान एनडीआरएफ की त्वरित प्रतिक्रिया और आधुनिक बचाव उपकरणों के इस्तेमाल से श्रद्धालु की जान बचाई जा सकी।
Source link
देवघर में NDRF ने कुएं से श्रद्धालु को बचाया:बिहार का युवक 10 मिनट में सुरक्षित बाहर निकाला गया
