![]()
पंजाब के किसानों के प्रस्तावित पैदल मार्च स्थगित होने के बाद हरियाणा प्रशासन ने दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर से बैरिकेडिंग हटा दी है। इसके साथ ही दिल्ली-पटियाला हाईवे पर वाहनों का आवागमन भी बहाल हो गया है। हाईवे की एक लेन खुलने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को राहत मिली है। किसानों के धरनास्थल से लौटने के बाद प्रशासन ने बैरिकेडिंग हटाने का कार्य शुरू किया था। पहले चरण में एक तरफ की बैरिकेडिंग हटाई गई, जिसे अब पूरी तरह से खोल दिया गया है। बैरिकेडिंग हटने के बाद दिल्ली-पटियाला हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया है। हरियाणा पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर किया था बॉर्डर बंद उल्लेखनीय है कि किसानों के प्रस्तावित पैदल मार्च के मद्देनजर हरियाणा प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर भारी बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग बंद कर दिया था। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को असुविधा हो रही थी और यातायात प्रभावित था। बुधवार को प्रशासन और किसान प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत में किसानों को 4 सितंबर को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ बैठक करवाने का आश्वासन मिला। इसके बाद किसानों ने बॉर्डर की बैरिकेडिंग तक प्रस्तावित अर्धनग्न पैदल मार्च को स्थगित करने का निर्णय लिया। पटियाला हाईवे पर फिर शुरू हुआ ट्रैफिक किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने 51 किसानों के जत्थे के रूप में चल रही पैदल यात्रा को भी फिलहाल रोकने की घोषणा की। किसानों द्वारा मार्च स्थगित किए जाने के बाद प्रशासन ने बैरिकेडिंग हटाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी थी। प्रशासन ने बताया है कि किसानों के पूरी तरह वापस जाने के बाद बॉर्डर पर शेष बैरिकेडिंग को भी हटा दिया जाएगा। फिलहाल, एक तरफ की बैरिकेडिंग हटने और दिल्ली-पटियाला हाईवे पर आवागमन शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।
Source link
नरवााना में खनौरी बॉर्डर से बैरिकेडिंग हटी:दिल्ली- पटियाला हाईवे पर आवागमन बहाल, पंजाब के किसानों ने स्थगित किया पैदल मार्च
