![]()
देहरादून में सोमवार देर रात तेज बरसाती पानी के तेज बहाव में प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कंडोली इलाके में नाले की पुल पर फंसी श्रीगंगानगर नंबर की क्रेटा कार लगभग दो किलोमीटर तक बह गई। इस हादसे में श्रीगंगानगर की टांटिया यूनिवर्सिटी की मेडिकल स्टूडेंट कनन सचदेवा और जयपुर के अक्षय (21) की मौत हो गई। जबकि तीन युवाओं को बचाव दलों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आरजे 13 SE 5641 नंबर की क्रेटा कार में कनन सचदेवा सवार थीं। वह एक प्राइवेट एजुकेशनल इंस्टिट्यूट में एडमिशन के सिलसिले में एक साथी स्टूडेंट की मदद करने के लिए देहरादून गई थीं। कार में उनके साथ श्रीगंगानगर के अंश बवेजा और संगरिया (हनुमानगढ़) की सहजप्रीत कौर (बीबीए-एलएलबी स्टूडेंट) भी थे। रात करीब 12 बजे कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और नाले में बहने लगी। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें भी तुरंत बुला ली गईं। सर्च ऑपरेशन के दौरान कार घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर आगे नाले के बहाव क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में बरामद हुई। एक दूसरी गाड़ी (एचआर 08 एजी 8743, स्कॉर्पियो) में सवार दो युवकों में से संभव (22) को सबसे पहले सुरक्षित बचाया गया। इसके बाद क्रेटा में सवार अंश बवेजा और सहजप्रीत कौर को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। अंश को घायल अवस्था में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार कार में सवार युवतियां आपस में रिश्तेदार थीं। परिवारों को सूचना मिलते ही वे सुबह देहरादून पहुंच गए। एसआई सुरेश तोमर ने बताया कि भारी बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का लेवल बढ़ गया, जिससे कार बहाव में फंस गई। जांच जारी है।
Source link
देहरादून में राजस्थान के 2 स्टूडेंट्स की मौत:तेज बारिश के बहाव में नाले में बही क्रेटा, 2KM दूर पुल में फंसी मिली
