![]()
शहडोल-उमरिया मुख्य मार्ग पर नौरोजाबाद के पास दैगमा रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार तड़के भीषण जाम लग गया। निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के निकट खराब सड़क और गहरे गड्ढों के कारण एक ट्रक खराब हो गया, जिससे यातायात बाधित हुआ। रात करीब 2 बजे शुरू हुआ यह जाम सुबह 9 बजे तक भी पूरी तरह नहीं खुल सका। सड़क के दोनों ओर 3 से 4 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसमें 100 से अधिक ट्रक और अन्य भारी वाहन फंसे रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया था, जिससे गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई। उसके पीछे आ रहे दूसरे ट्रक ने बगल से निकलने का प्रयास किया, लेकिन वह भी सड़क किनारे बने गड्ढे में धंस गया। दो ट्रकों के फंसने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। छोटे वाहनों को पाली मार्ग से मोड़ा गया, जबकि भारी वाहनों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से फंसे ट्रकों को निकालने का प्रयास किया। हालांकि, खराब सड़क और कीचड़ के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाई हुई। इस जाम के कारण ट्रक चालकों और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई वाहन चालक पूरी रात सड़क पर फंसे रहे। स्थानीय निवासियों के अनुसार, निर्माणाधीन ओवरब्रिज के आसपास सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है, और बारिश के मौसम में यहां अक्सर वाहन फंस जाते हैं।
Source link
दैगमा रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रक खराब, 7 घंटे रहा जाम:100 से अधिक वाहन फंसे, खराब सड़क बनी मुसीबत
