Headlines

दोस्त ने कारोबारी को लगाया ₹46.40 लाख का चूना:सस्ते प्लॉट और बैंक नीलामी का दिया झांसा, जांच में फर्जी निकली रजिस्ट्री और बैंक रसीदें; महाराजपुरा थाने में केस दर्ज




ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में दोस्ती की आड़ में करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। 20 साल पुराने कारोबारी दोस्त ने पहले सस्ते दाम में प्लॉट दिलाने का भरोसा दिलाया और फिर बैंक नीलामी के नाम पर फर्जी बैंक अधिकारियों, जाली दस्तावेजों और नकली रसीदों के जरिए ₹46.40 लाख की ठगी कर ली। मामला दिसंबर 2023 का है। जांच में दस्तावेज फर्जी मिलने के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार डीडी नगर निवासी रामअवतार सिंह राठौड़ की भिंड निवासी कृष्ण गोपाल सिंह उर्फ अनिल श्रीवास से करीब 20 साल पुरानी दोस्ती थी। कृष्ण गोपाल और उसकी पत्नी सरिता श्रीवास ने शताब्दीपुरम में एक प्लॉट ₹80 लाख में दिलाने का प्रस्ताव दिया। दोस्ती पर भरोसा कर रामअवतार ने आरटीजीएस के माध्यम से ₹7 लाख एडवांस देकर एग्रीमेंट भी कर लिया। कुछ समय बाद आरोपियों ने बैंक नीलामी में कम कीमत पर दूसरा प्लॉट दिलाने का लालच दिया। इस दौरान अमित श्रीवास को एचडीएफसी बैंक का फील्ड ऑफिसर, विनय शर्मा और धर्मवीर सिंह को बैंक मैनेजर तथा रामगोपाल राजोरिया को हाउसिंग बोर्ड का अधिकारी बताकर पीड़ित का विश्वास जीता गया। आरोपियों ने एचडीएफसी बैंक के फर्जी लेटरहेड, जाली सील और कूटरचित रसीदें देकर अलग-अलग किश्तों में ₹39.40 लाख और वसूल लिए। इस तरह पीड़ित से कुल ₹46.40 लाख की रकम ले ली गई। जब रामअवतार ने प्लॉट की रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया तो आरोपी लगातार बहाने बनाने लगे। शक होने पर उन्होंने रजिस्ट्री कार्यालय, ग्वालियर विकास प्राधिकरण (जीडीए) और एचडीएफसी बैंक में दस्तावेजों की जांच कराई। जांच में सामने आया कि दिखाई गई ई-रजिस्ट्री पूरी तरह फर्जी थी, संबंधित प्लॉट विनीता वर्मा के नाम आवंटित ही नहीं था और जिन लोगों को बैंक अधिकारी बताया गया था, वे बैंक के कर्मचारी भी नहीं थे। ठगी का खुलासा होने पर रामअवतार ने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और मोबाइल बंद कर फरार हो गए। महाराजपुरा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *