![]()
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब उपमंडल के नंदपुर क्षेत्र में रविवार रात एक कार और टिप्पर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक घायल हो गया। हालांकि, एयरबैग खुलने के कारण चालक को गंभीर चोटें नहीं आईं। जानकारी के अनुसार, रविवार रात एक टिप्पर नंदपुर स्थित क्रेशर की ओर जा रहा था। नंदपुर सड़क मार्ग पर क्रेशर की तरफ मुड़ते समय अंब की ओर से आ रही एक कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कार चालक को वाहन से बाहर निकाला। एयरबैग खुलने से चालक की जान बच गई और उसे गंभीर चोटों से बचाव हुआ। कुछ समय तक रही जाम की स्थिति दुर्घटना के कारण दोनों वाहन सड़क पर ही खड़े रहे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर अंब पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि नंदपुर क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। क्रेशर की ओर जाने वाले मार्ग पर मोड़ होने के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। लोगों ने चालकों से मोड़ पर गति कम रखने और सामने से आने वाले वाहनों पर ध्यान देने की अपील की है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि नंदपुर में कार और टिप्पर की टक्कर का मामला सामने आया है। उन्होंने पुष्टि की कि हादसे में कार चालक घायल हुआ है, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
नंदपुर में कार-टिप्पर की भयानक टक्कर:एयरबैग खुलने से चालक सुरक्षित, कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त; यातायात बाधित
