![]()
नागपंचमी के दिन सोमवार शाम जिले में अलग-अलग घटनाओं में 14 वर्षीय किशोर और 18 वर्षीय युवक नदी के तेज बहाव में बह गए। दोनों की तलाश में मंगलवार को एसडीआरएफ की टीमों ने दिनभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण मंगलवार शाम तलाश रोक दी गई। अब बुधवार सुबह दोनों की तलाश फिर शुरू की गई है। पहली घटना गुढ़ थाना क्षेत्र के इटार के पास बिछिया नदी में हुई। यहां 14 वर्षीय आदिवासी किशोर शिवा रावत, पिता प्रधान रावत, निवासी गांगनिवा देवतालाब, नदी के तेज बहाव में बह गया। बताया गया कि नागपंचमी पर नदी किनारे पहुंचा शिवा पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह उफनती नदी में जा गिरा। तेज बहाव के कारण वह कुछ ही देर में लापता हो गया। दूसरी घटना त्योथर क्षेत्र के चिल्ला घाट की है। यहां 18 वर्षीय साहिल अंसारी, पिता कमालुद्दीन, निवासी खर्रा टोला मऊगंज, टमस नदी में बह गया। साहिल अपने एक साथी के साथ नदी में नहाने गया था। इस दौरान उसका साथी पानी से बाहर निकल आया, जबकि साहिल तेज बहाव की चपेट में आ गया। दिनभर चला रेस्क्यू, नहीं मिला सुराग दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीमों ने मंगलवार को बिछिया और टमस नदी में अलग-अलग तलाश अभियान चलाया। तेज बहाव और अधिक पानी के कारण टीमों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घंटे की तलाश के बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया। बुधवार सुबह फिर शुरू होगी तलाश एसडीआरएफ की टीमें बुधवार सुबह दोनों नदियों में फिर से तलाश शुरू करने पहुंची। गोताखोरों की मदद से संभावित स्थानों पर सर्चिंग की जा रही है। नदी के बहाव की दिशा में भी तलाश की जाएगी। दोनों के परिजन उनके मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
Source link
नदी में डूबे किशोर और युवक का नहीं लगा पता:रीवा में फिर चलाया जाएगा रेस्क्यू ऑपरेशन; बिछिया और टमस नदी में बहे
