नर्मदापुरम जिले को मिले 116 नए शिक्षक:अंग्रेजी विषय के सबसे ज्यादा 28 शिक्षक, वेरिफिकेशन के साथ दिए नियुक्ति पत्र, जल्द संभालेंगे जिम्मेदारी




नर्मदापुरम जिले के सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को 116 नए शिक्षक मिले हैं। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलना शुरू हो गए हैं। जल्द ही सभी शिक्षक स्कूलों में ज्वाइन कर विद्यार्थियों को पढ़ाना शुरू करेंगे। इससे सरकारी स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। शिक्षक भर्ती-2024 के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले को कुल 116 शिक्षक मिले हैं। इनमें 89 माध्यमिक और 27 प्राथमिक शिक्षक शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षक पदों पर हिंदी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान, खेल और गायन-वादन विषय के शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। वहीं प्राथमिक स्तर पर खेल, नृत्य और गायन-वादन विषय के लिए नियुक्तियां की गई हैं। 15 जुलाई तक चलेगा दस्तावेज सत्यापन मंगलवार से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन शुरू हुआ। सुबह से ही अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र और दस्तावेज सत्यापन के लिए पहुंचे। नर्मदापुरम के अलावा उज्जैन, दमोह, सागर, रीवा, नरसिंहपुर, भोपाल सहित कई जिलों से अभ्यर्थी आए। दोपहर 3:30 बजे से सत्यापन और नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया शुरू हुई। जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी नारायण प्रजापति ने बताया कि जिले को 116 नए शिक्षक मिले हैं। दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति पत्र देने का काम 15 जुलाई तक चलेगा। सभी शिक्षक इसी शैक्षणिक सत्र से स्कूलों में अपनी सेवाएं देंगे। नियुक्ति में देरी से अभ्यर्थी थे नाराज ये सभी अभ्यर्थी मध्यप्रदेश माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा-2024 के तहत चयनित हुए थे। परीक्षा परिणाम आने के बाद नियुक्ति में देरी होने से अभ्यर्थियों ने कई बार भोपाल में प्रदर्शन भी किया था। बाद में लोक शिक्षण संचालनालय ने शाला विकल्प (चॉइस फिलिंग) की प्रक्रिया पूरी कराई। इसकी अंतिम तिथि 21 जून 2026 थी। इसके करीब एक सप्ताह बाद नियुक्ति आदेश जारी किए गए। अंग्रेजी के सबसे ज्यादा 28 टीचर
जिले को कुल 116 नए शिक्षक मिले हैं। इनमें 89 माध्यमिक शिक्षक और 27 प्राथमिक शिक्षक शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षकों में अंग्रेजी के 28, गणित के 18, गायन-वादन के 17, संस्कृत के 11, सामाजिक विज्ञान के 10 और हिंदी के 5 शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। वहीं प्राथमिक स्तर पर 27 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *