![]()
बहराइच के मटेरा थाना क्षेत्र के शंकरपुर नहर में रविवार को बोरी में बंधा एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर में शव मिलने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर मटेरा थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नानपारा के क्षेत्राधिकारी चित्रांशु गौतम भी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद युवक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति पुलिस शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नहर तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। नानपारा क्षेत्राधिकारी चित्रांशु गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के संबंध में सही जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान कराने के साथ मामले की जांच में जुटी है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि मौत के कारणों के बारे में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Source link
नहर में बोरी में बंधा मिला युवक का शव:बहराइच में मटेरा के पास का मामला, स्थानीय लोगों ने हत्या कर फेंकने की आशंका जताई
