Headlines

नीमच में नपा का अतिक्रमण पर बुलडोजर चला:गांधी कॉलोनी से गुमटियां हटाईं, जवाहर नगर से भंगार गाड़ियां जब्त




नीमच शहर में मंगलवार को नगर पालिका के अतिक्रमण विरोधी अमले ने सड़क और शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों तथा आम रास्तों में खड़ी भंगार गाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। यह कार्रवाई जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई। नपा की टीम ने गांधी कॉलोनी, गुप्ता पुलिया और जवाहर नगर विस्तार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई की शुरुआत गुप्ता पुलिया के समीप से हुई, जहाँ सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई गुमटियों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। इसके अतिरिक्त, पास की शासकीय भूमि पर कच्ची झोपड़ियां बनाकर किए गए कब्जों को भी बेदखल कर जमीन खाली कराई गई। गुप्ता पुलिया के बाद, नपा का अमला जवाहर नगर विस्तार क्षेत्र पहुँचा। यहाँ सड़क के बीचों-बीच सालों से खड़ी पुरानी भंगार गाड़ियों को क्रेन की मदद से उठवाकर जब्त किया गया। इन गाड़ियों के कारण मार्ग बाधित हो रहा था, जिससे स्थानीय निवासियों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी। इस अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान नपा स्वास्थ्य अधिकारी टेकचंद्र बुनकर, हेमंत सिसोदिया और महावीर जैन सहित नगर पालिका का राजस्व व अतिक्रमण अमला पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहा। नपा अधिकारियों ने बताया कि शहर में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और आम रास्तों में बाधा डालने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *