![]()
पंचकूला शहर में रिटायर्ड बैंक अधिकारी के घर तीन नकाबपोश बदमाश जाली का दरवाजा तोड़कर घुस गए। घर के मालिक और उनकी पत्नी के जागने व आवाज लगाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पंचकूला सेक्टर-12 निवासी 72 वर्षीय दलीप कात्याल, जो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से सेवानिवृत्त हैं, ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात वह अपनी 68 वर्षीय पत्नी मधु कात्याल के साथ बेडरूम में एसी चलाकर सो रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर ड्राइंग रूम से सटे जालीदार दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में दाखिल हो गए। एसी के कारण उन्हें आवाज नहीं सुनाई दी। चोरों ने पूरे घर का सामान बिखेर दिया और अलमारी व पर्स की तलाशी लेकर सोने की चेन, 15 हजार रुपए नकदी और चांदी के दो गिलास लेकर फरार हो गए। आवाज सुनते ही भागे दलीप कात्याल के अनुसार घर में खटपट की आवाज आने पर उनकी नींद खुल गई। उन्होंने आवाज लगाई तो तीनों आरोपी घबराकर मौके से भाग निकले। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में उनके घर में घुसने और बाहर निकलने की तस्वीरें रिकॉर्ड हो गई हैं। क्राइम सीन टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही सेक्टर-2 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक (सीन ऑफ क्राइम) टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए। बाद में पीड़ित ने चोरी गए सामान की सूची पुलिस को सौंपते हुए लिखित शिकायत दी।
Source link
पंचकूला में रिटायर्ड बैंक अधिकारी के घर चोरी, VIDEO:तीन नकाबपोश रॉड से जाली तोड़कर घुसे, कैश-जेवर ले गए, आवाज हुई तो भागे
