![]()
पंजाब में बिजली की रिकॉर्ड मांग के बावजूद पिछले तीन दिनों से एक भी बिजली कट नहीं लगा है। यह बात बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने मंगलवार शाम खन्ना में मीडिया से बातचीत के दौरान बताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर सरकार ने बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने के साथ-साथ किसानों और उद्योगों को भी पूरी बिजली दी है। मंत्री सौंद ने बताया कि कृषि क्षेत्र को पहले तय 8 घंटे की जगह पिछले तीन दिनों से हर दिन 10 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है। उन्होंने कहा कि धान की फसल पकने के आखिरी चरण में है। इस समय किसानों को फसल की जरूरत के हिसाब से सिंचाई के लिए ज्यादा बिजली चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए कृषि क्षेत्र की बिजली सप्लाई में दो घंटे की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने इसे पंजाब के इतिहास में किसानों को दी जा रही अतिरिक्त बिजली सप्लाई बताया। सौंद ने कहा कि हाल ही में निजी क्षेत्र के दो थर्मल प्लांटों में तकनीकी दिक्कत आ गई थी। इसके बावजूद सरकार ने बिजली व्यवस्था पर असर नहीं पड़ने दिया। संबंधित कंपनियों पर लगातार दबाव डाला गया। बिजली विभाग के इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों ने दिन-रात काम कर प्लांटों को जल्दी चालू करवाया। उन्होंने कहा कि अब दोनों थर्मल प्लांट दोबारा चालू हो चुके हैं। इसके अलावा पंजाब सरकार के अपने 10 यूनिट भी ठीक से चल रहे हैं, जिससे बिजली सप्लाई व्यवस्था मजबूत हुई है। बिजली मंत्री ने कहा कि सितंबर में आमतौर पर पंजाब की बिजली मांग करीब 13 हजार मेगावाट रहती थी। लेकिन इस बार मांग ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस साल बिजली की मांग 17,300 मेगावाट तक पहुंच गई, जो सामान्य मांग से करीब 4,000 मेगावाट ज्यादा है। इसके बावजूद सरकार ने प्रदेश में बिजली की कमी नहीं होने दी। उन्होंने कहा कि मानसून में कमी और रिकॉर्ड बिजली मांग जैसी चुनौतियों के बावजूद राज्य के लोगों को जरूरत के हिसाब से बिजली दी जा रही है।
Source link
पंजाब में तीन दिन से बिजली कट नहीं:बिजली मंत्री सौंद का कॉर्ड 17,300 मेगावाट मांग के बावजूद आपूर्ति सुचारू रखने का दावा
