Headlines

पार्ट टाइम जॉब और निवेश के नाम पर ठगी:टेलीग्राम पर नौकरी का झांसा देकर छात्रा से 22.70 लाख ठगे, हरियाणा से आरोपी अरेस्ट




भोजपुर साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नौकरी दिलाने और निवेश पर कई गुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 22.70 लाख ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान सोनीपत के सेक्टर-12 स्थित खान कॉलोनी निवासी मो. साहिल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल भी बरामद किया है। मामले में शामिल उसके दो साथी मोहित और करण की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में शुक्रवार को साइबर डीएसपी रोशन कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश जारी साइबर डीएसपी रोशन कुमार ने बताया कि मो. साहिल ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि अपने दो दोस्तों मोहित और करण के कहने पर उसने चेक के माध्यम से बैंक खाते से रुपए निकाले और उन्हें सौंप दिए। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। कम लागत में ज्यादा मुनाफा का दिया लालच रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के डेढ़गांव निवासी कृषि स्नातक सेकंड ईयर की छात्रा अपूर्वा परमार ने 22 जुलाई 2025 को भोजपुर साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया था कि टेलीग्राम के माध्यम से उसे पार्ट-टाइम नौकरी का ऑफर मिला। शुरुआत में गूगल मैप पर विभिन्न रेस्टोरेंट की रेटिंग बढ़ाने का काम कराया गया और भरोसा जीतने के लिए 200 और 300 रुपए का भुगतान भी किया गया। इसके बाद आरोपियों ने अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। झांसे में आकर पीड़िता ने 5 और 6 जुलाई 2025 को अलग-अलग किश्तों में यूपीआई के माध्यम से कुल 22 लाख 70 हजार रुपए विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब काफी समय बाद भी न तो निवेश की राशि वापस मिली और न ही मुनाफा, तब उसे साइबर ठगी का एहसास हुआ। बैंक खातों की जांच शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान शुरू किया गया। बैंक खातों के लेनदेन, मोबाइल नंबरों और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत में छापेमारी कर मो. साहिल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के फरार दो अन्य सदस्य मोहित और करण की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने बिहार सहित अन्य राज्यों में कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *