![]()
देवरिया जिले के भटनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात एक स्टाफ नर्स ने प्रभारी चिकित्साधिकारी पर ड्यूटी के दौरान प्रताड़ना और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। स्टाफ नर्स ने मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। इस प्रकरण से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वहीं, प्रभारी चिकित्साधिकारी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे विभागीय कार्रवाई से जोड़कर देखा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने जांच समिति गठित कर दी है। स्टाफ नर्स ने शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी ड्यूटी के दौरान लगातार उनका उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना करते हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी चिकित्साधिकारी बोले- लापरवाही पर दिया था नोटिस दूसरी ओर, प्रभारी चिकित्साधिकारी ने स्टाफ नर्स के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि संबंधित स्टाफ नर्स को फरवरी से जुलाई के बीच कार्य में लगातार लापरवाही बरतने के कारण कई बार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। उन्होंने बताया कि केवल संबंधित स्टाफ नर्स ही नहीं, बल्कि अन्य कर्मचारियों को भी कार्य में अनियमितता मिलने पर नोटिस दिए गए हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी के मुताबिक, हाल ही में स्टाफ नर्स को लेबर रूम से हटाकर ओपीडी में तैनात किया गया था, जिसके बाद उनके द्वारा यह शिकायत की गई। सीएमओ ने गठित की जांच समिति मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि स्टाफ नर्स की शिकायत उनके संज्ञान में आई है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक समिति गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच समिति सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वीडियो भी आया सामने मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच भी समिति करेगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच में जुटा है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
प्रभारी चिकित्साधिकारी पर नर्स ने लगाया उत्पीड़न का आरोप:VIDEO जारी कर की कार्रवाई की मांग, CMO ने बनाई जांच कमेटी
