![]()
फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्र में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रवीन कुमार निवासी होली चौक के पास फतेहपुर बिल्लौच के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के मकान और उसके सामने बने गोदाम की तलाशी लेकर बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां, कैप्सूल और इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 8 अगस्त को हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो फरीदाबाद की टीम फतेहपुर बिल्लौच ऑटो स्टैंड पर नशे की रोकथाम और गश्त के लिए मौजूद थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि प्रवीन अपने घर और मेडिकल स्टोर के माध्यम से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की बिक्री करता है। सूचना मिलने के बाद टीम ने अधिकारियों को जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई के लिए आरोपी के मकान पर पहुंची। नशीले इंजेक्शन और कैप्सूल बरामद हुए पुलिस टीम ने आरोपी के मकान की तलाशी ली तो एक कमरे से अल्प्राजोलम की 15 स्ट्रिप बरामद हुईं, जिनमें कुल 225 गोलियां थीं। इन गोलियों का वजन करीब 43.296 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा 125 अन्य गोलियां बरामद हुईं, जिनका वजन करीब 61.120 ग्राम था। पुलिस को अलग-अलग ब्रांड के कैप्सूल भी मिले, जिनका वजन करीब 66.05 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा नशीले इंजेक्शन भी बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के मकान के सामने बने गोदाम की तलाशी ली। गोदाम में रखी एक गत्ते की पेटी से बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां बरामद हुईं। इनका वजन करीब 1056 ग्राम बताया गया है। गोदाम से 300 नशीले इंजेक्शन और 50 अन्य इंजेक्शन भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री में ट्रामाडोल नमक की कुल मात्रा करीब 899.170 ग्राम पाई गई। बिल और लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपी तलाशी के दौरान बरामद नशीली दवाइयों के संबंध में पुलिस ने आरोपी से बिल और लाइसेंस मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रतिबंधित दवाइयों को रखने और बेचने के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने बरामद दवाइयों को पेटी में पैक कर सील किया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। आरोपी का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले में थाना सदर बल्लभगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी प्रवीन कुमार को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां कहां से लाता था और इन्हें किन लोगों को सप्लाई करता था। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
Source link
फरीदाबाद में नशीली दवाओं की खेप बरामद:मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार, घर और गोदाम से मिले इंजेक्शन और कैप्सूल
