![]()
फरीदाबाद जिले के धौज क्षेत्र के आलमपुर गांव में पंचायत के कामकाज को लेकर विवाद सामने आया है। गांव के वार्ड नंबर-1 के पंच मुस्ताक ने सरपंच पर विकास कार्यों में लापरवाही, सरकारी धन के कथित दुरुपयोग, पंचायत की जमीन पर कब्जा और कामों में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए हैं। पंच ने इन आरोपों को लेकर बीडीपीओ कार्यालय में शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है। पंच मुस्ताक का आरोप है कि सरपंच के कार्यकाल में गांव के कई जरूरी विकास कार्य या तो अधूरे पड़े हैं या फिर उन पर अपेक्षित तरीके से काम नहीं कराया गया। उनका कहना है कि पंचायत की जमीन पर लंबे समय तक कथित रूप से कब्जा कर खेती की जाती रही। पंच के मुताबिक, मामले में शिकायत और जांच की प्रक्रिया शुरू होने के बाद जमीन को खाली कराया गया। सरकारी स्कूल की स्थिति को लेकर उठाए सवाल पंच ने गांव के सरकारी स्कूल की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्कूल के आसपास गंदा पानी जमा रहता है और जगह-जगह झाड़ियां उगी हुई हैं। इससे स्कूल आने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पंच का दावा है कि स्थिति खराब होने के कारण बच्चों को दूसरे स्कूल में शिफ्ट किया गया। उनका आरोप है कि स्कूल और आसपास की सफाई के लिए पंचायत को सरकारी फंड उपलब्ध कराया गया था, लेकिन मौके पर उस राशि के अनुरूप काम नहीं दिखाई दिया। दस्तावेजों पर महिला सदस्य के फर्जी हस्ताक्षर के आरोप इसके अलावा गांव में लगे ट्यूबवेलों की मोटरों की मरम्मत और उन्हें बदलने के नाम पर जारी किए गए बिलों को लेकर भी पंच ने सवाल उठाए हैं। शिकायत में 20 हजार, 30 हजार और 58 हजार रुपए तक के बिलों में कथित अनियमितता की जांच की मांग की गई है। पंच ने पंचायत के दस्तावेजों में महिला सदस्य के कथित फर्जी हस्ताक्षर किए जाने का आरोप भी लगाया है। हालांकि इन सभी आरोपों की अभी आधिकारिक जांच होनी बाकी है। आलमपुर से कोट गांव जाने वाला करीब 800 मीटर लंबा रास्ता भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बताया गया है। कोट गांव के सरपंच केसर सिंह के अनुसार, रास्ते की पैमाइश और विभागीय कार्रवाई पूरी हो चुकी है, लेकिन आगे की प्रक्रिया अभी लंबित है। पंच मुस्ताक ने इस रास्ते समेत पंचायत के सभी विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की है। सरपंच ने सभी आरोपों को बताया बेबुनियाद वहीं, सरपंच आकिल ने पंच मुस्ताक द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। सरपंच का कहना है कि उनका पंच मुस्ताक के साथ पहले लड़ाई-झगड़े का मामला हुआ था। इसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते पंच उनके खिलाफ इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। सरपंच ने कहा कि उन्हें बदनाम करने और लोगों के बीच उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। बीडीपीओ ने गठति की जांच टीम मामले में आलमपुर की बीडीपीओ ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित कर दी है। बीडीपीओ के अनुसार, जांच टीम गांव में मौके पर जाकर विकास कार्यों, संबंधित दस्तावेजों और लगाए गए आरोपों की जांच करेगी। इसके बाद टीम अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई के लिए उसे उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
Source link
फरीदाबाद में सरपंच पर विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप:पंच बोले- सरकारी फंड का दुरुपयोग किया, बीडीपीओ ने मामले की जांच के लिए टीम बनाई
