![]()
खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास थाना पुलिस ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर साइबर अपराध के मामलों में फंसाने की धमकी देकर रुपए ऐंठने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 25 हजार रुपए नकद और दो बाइक बरामद की हैं। प्रशिक्षु आरपीएस एवं किशनगढ़बास थाना प्रभारी नेहा मीणा ने बताया कि यह कार्रवाई 26 अगस्त को पुलिस कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर की गई। सूचना में बताया गया था कि दो व्यक्ति नांगल मोजिया गांव के पास बाइक लेकर खड़े हैं। उन्होंने एक व्यक्ति को उसके बेटे के साइबर अपराध में फंसने का डर दिखाकर धमकाया और मुकदमे से बचाने के नाम पर पैसे ऐंठ लिए। आरोपियों में से एक ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और राजस्थान पुलिस की टी-शर्ट भी पहन रखी थी। सूचना मिलने के बाद किशनगढ़बास पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नांगल मोजिया निवासी अब्दुल (28 वर्ष) पुत्र शहीद और साधूका, थाना किशनगढ़बास निवासी सलीम (36 वर्ष) पुत्र सरीफ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई जयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश, खैरथल-तिजारा एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह एवं किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव के निकट पर्यवेक्षण में की गई। इस पूरी कार्रवाई में थाना किशनगढ़बास की टीम की अहम भूमिका रही।
Source link
फर्जी पुलिस बनकर साइबर केस में फंसाने की धमकी:किशनगढ़बास पुलिस ने 25 हजार ऐंठने वाले दो आरोपी पकड़े, 2 बाइक भी जब्त
