![]()
देवरिया में साइबर थाना पुलिस ने रविवार शाम 6 बजे फर्जी लेटरहेड, हस्ताक्षर और ई-मेल आईडी का इस्तेमाल कर बैंक से 35.72 लाख रुपये ट्रांसफर कराने वाले गिरोह का खुलासा किया। पुलिस ने रविवार को देवरिया-सलेमपुर रोड पर सोन्दा के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर एन-160 बाइक बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम में से 34.50 लाख रुपये तनिष्क ज्वेलर्स के खाते में सुरक्षित है। कंपनी के नाम पर बनाया फर्जी लेटरहेड पुलिस के मुताबिक, मामले का खुलासा 28 अगस्त को तनिष्क ज्वेलर्स के स्टोर मैनेजर की सूचना के बाद हुआ। मैनेजर ने पुलिस को बताया था कि कुछ लोगों ने शादी के लिए आभूषण खरीदने के नाम पर शोरूम के खाते में 34.50 लाख रुपये भेजे हैं। रकम के स्रोत को लेकर संदेह होने पर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मेरठ की एआर इंफ्राहाइट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर तैयार किए थे। इसके बाद कंपनी के नाम से मिलती-जुलती फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर बैंक को मेल भेजा गया। बैंक और खाताधारक को गुमराह कर 35,72,801 रुपये विकास कुमार के बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए। ज्वेलरी खरीदकर रकम खपाने की थी तैयारी पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बड़ी कंपनियों के नाम से फर्जी लेटरहेड, हस्ताक्षर और ई-मेल आईडी तैयार करते थे। इसके बाद बैंक को ई-मेल भेजकर खातों में रकम ट्रांसफर कराते थे। रकम को अलग-अलग खातों में भेजने के बाद नकद निकासी और ज्वेलरी खरीदने की तैयारी की जाती थी। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में अलग-अलग तारीखों पर 25.10 लाख और 21.85 लाख रुपये के अन्य लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस इन लेन-देन की भी जांच कर रही है। कंपनी निदेशक ने लेन-देन से किया इनकार पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को कंपनी के नाम से फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर बैंक को मेल किया गया था। जब पुलिस ने कंपनी के निदेशक से संपर्क किया तो उन्होंने इस लेन-देन की जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद बैंक और अन्य माध्यमों से जांच आगे बढ़ाई गई, जिसमें फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। तीन आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में विकास कुमार पुत्र सरीफन गोंड निवासी धनपुरवा रजडिहा, थाना सलेमपुर, देवरिया, शशांक कुमार साहिल पुत्र स्व. मनोज कुमार निवासी भरठई, थाना गुठनी, सिवान, बिहार और अंकुश मिश्रा पुत्र बालेन्दर निवासी हफुवा जीवन, थाना तरयासुजान, कुशीनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर थाना देवरिया में धोखाधड़ी, कूटरचना और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 34.50 लाख रुपये सुरक्षित पुलिस के अनुसार, 35,72,801 रुपये की कुल धोखाधड़ी में से 34,50,000 रुपये तनिष्क ज्वेलर्स के खाते में सुरक्षित हैं। विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह रकम पीड़ित को वापस कराने की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फर्जी लेटरहेड और ई-मेल से 35.72 लाख की साइबर ठगी:3 आरोपी गिरफ्तार; तनिष्क के खाते में 34.50 लाख सुरक्षित
